मुंबई

न्यू ईयर के जश्न में गई जान, मराठी-भोजपुरी गानों ने युवक की चढ़ाई बलि; जमकर बरसे लाठी-डंडे रॉड

महाराष्ट्र के मुंबई शहर में भोजपुरी और मराठी गानों ने दो गुटों में घमासान करा दिया। भोजपुरी गाने बजाने को लेकर दो समूहों में हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

Image

(सांकेतिक फोटो)

मुंबई: 31 दिसंबर की रात दुनिया जश्न में डूबी थी। मुंबई में भी लोग नए साल के आगमन को लेकर पार्टियां कर रहे थे। लेकिन, मीरा रोड में नए साल का जश्न उस समय जानलेवा बन गया, जब मराठी और भोजपुरी गाने बजाने को लेकर दो समूहों में झड़प हो गई। झड़प इतनी भयावह थी कि एक शख्स की जान तक चली गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात 1 जनवरी सुबह करीब 3 बजे की है। लोग नए साल के जश्न में मराठी गानों पर नाच रहे थे, लेकिन अन्य समूह भोजपुरी गाने बजाने के लिए अड़ा था। तभी खूनी संघर्ष हो गया।

मराठी गाने और भोजपुरी गाने बने विवाद का कारण

मराठी गाने पसंद करने वालों और भोजपुरी संगीत पसंद करने वालों में बहस होने लगी। दोनों गुटों के लोग शराब के नशे में धुत थे। लिहाजा, बात गाली गलौज से बढ़कर हाथापाई पर आ गई और लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते ही डांस फ्लोर जंग का मैदान बन गया लोग एक दूसरे पर लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने लगे। इस मारपीट में कई लोगों को मामूली तो कुछ को गंभीर चोटे आईं। इसमें राजा पेरियर (23) के सिर पर लोहे की रॉड पड़ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। गंभीर घायलों को मुंबई स्थित केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां राजा पेरियर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

NDTV की खबर के हवाले से पुलिस ने आशीष जाधव और उसके रिश्तेदार अमित जाधव, प्रकाश जाधव और प्रमोद यादव को पेरियर पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article