मुंबई

Mumbai Weather: मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट, पानी-पानी हुई सड़के, जलजमाव के कारण ट्रैफिक बाधित

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 20, 2024, 01:10 PM IST

Mumbai News: मुंबई में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया है, जिस कारण यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहनों को अन्य रास्तों पर डायवर्ट किया जा रहा है।

Image

मुबई में भारी बारिश

Photo : iStock

Mumbai Weather: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और उसके उपनगरों में शनिवार को रुक-रुककर भारी बारिश हुई, जिसके कारण महानगर के कई इलाकों में पानी भर गया। लेकिन इस दौरान लोकल ट्रेन सेवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि लोकल ट्रेनों का सामान्य रूप से संचालन किया जा रहा है। लेकिन जगह-जगह जलभराव के कारण यातायात व्यवस्था पर भारी प्रभाव पड़ा है। सड़कों पर पानी भरा होने के कारण ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहनों को अन्य रास्तों पर डायवर्ट किया जा रहा है।

मुंबई में भारी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि मुंबई में शनिवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 91 मिमी बारिश हुई। वहीं इसके पूर्वी एवं पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 87 मिमी और 93 मिमी बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने नागपुर और विदर्भ क्षेत्र में शनिवार को भारी बारिश और अगले दो दिन में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलें। उसने शनिवार को चंद्रपुर के लिए ‘रेड’ अलर्ट तथा नागपुर, अमरावती और वर्धा जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। विभाग ने मुंबई में भी मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई में सुबह 11 बजकर 28 मिनट पर समुद्र में 4.24 मीटर एवं रात 11 बजकर 24 मिनट पर 3.66 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना है।

जलजमाव के कारण यातायात व्यवस्था में बदलाव

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण महानगर के कुछ इलाकों में पानी जमा होने के कारण कुर्ला क्षेत्र में शीतल सिनेमा और काले मार्ग के पास की सड़क पर यातायात को अन्य मार्गों की ओर मोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि गोरेगांव पूर्व में आरे मार्ग पर यातायात को सीप्ज-मरोल मरोशी-जेवीएलआर की ओर मोड़ दिया गया है।

यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जलभराव के कारण अंधेरी भूमिगत मार्ग को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और वाहनों को एसवी रोड की ओर मोड़ दिया गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र में उपनगरीय रेल सेवाएं संचालित करने वाले मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे ने बताया कि स्थानीय रेल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें