मुंबई

मुंबई में दिवाली की रात धधके कई घर, आगजनी की घटनाओं में 6 लोगों की मौत; कई झुलसे

मुंबई के वासी स्थित एमजी कंपलेक्स की रहेजा रेजिडेंसी के दसवीं मंजिल पर अचानक आग लग गई, जिसमें करीब चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। वहीं, कामोठे सेक्टर-36 में आग की घटना में मां-बेटी ने जान गवां दी।

Image

मुंबई के वाशी के एमजी कॉम्लेक्स में लगी आग

मुंबई : शहर के विभिन्न इलाकों में सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि कई आगजनी की घटनाएं हुईं। करीब एक बजे एमजी कंपलेक्स की रहेजा रेजिडेंसी के दसवीं मंजिल पर अचानक आग लग गई, जिसमें करीब चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। घायलों का वाशी के एमजीएम हॉस्पिटल और फॉर्टिस हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। मृतकों में एक 5 से 7 वर्ष की बच्ची और एक 87 साल की बुजुर्ग महिला भी शामिल है। दमकल विभाग की टीम को आग पर काबू पाने में सफलता मिल गई है, हालांकि आग कैसे लगी थी इस बारे में अब तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग के कारणों की जांच करने में जुटी हुई है। आग पहले दसवीं मंजिल पर लगी थी उसके बाद बढ़ते बढ़ते वह 11वीं और 12वीं मंजिल तक पहुंच गई जिसके चलते 14 लोग हटाहत हुए जिसमें से चार की मौत हो गई और 10 घायल है जिनका इलाज अभी भी चल रहा है । मृतकों में 1 व्यक्ति 10 वी मंजिल का था बाकी तीन 12 वीं मंजिल के थे । आग कुछ छह घरों तक फैली थी ।

आंबे श्रद्धा सहकारी सोसायटी में आग से मां-बेटी की मौत

नवी मुंबई के कामोठे सेक्टर-36 स्थित आंबे श्रद्धा सहकारी सोसायटी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से एक दर्दनाक हादसा हुआ। इस आग में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन सदस्य समय रहते बाहर निकल आए और सुरक्षित बच गए। सूत्रों के अनुसार, आग बिल्डिंग के दूसरे माले पर स्थित एक फ्लैट में रात करीब 11 बजे के आसपास लगी। देखते ही देखते आग ने रसोई और हॉल का बड़ा हिस्सा अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही नवी मुंबई अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सोसायटी के सभी रहिवासियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि अंतिम कारण की पुष्टि के लिए पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है।

उधर, ठाणे शहर में एक इमारत की 31वीं मंजिल पर स्थित मकान की बालकनी में पटाखे से आग लग गई, जिससे वहां रखा फर्नीचर नष्ट हो गया। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार रात करीब 10.45 बजे पाटलीपाड़ा इलाके में स्थित इमारत में दिवाली उत्सव के दौरान हुई। इसमें कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि आग पटाखों के कारण लगी। इमारत की 31वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट की बालकनी में रखा फर्नीचर जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। पटाखों के कारण शहर में आग लगने की कुछ अन्य छोटी-मोटी घटनाएं भी हुईं, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article