Mumbai Road Accident: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के कोस्टल रोड पर एक सड़क हादसा हो गया है। बताया जा रहा है कि कोस्टल रोड की सुरंग में एक तेज रफ्तार कार किनारे से टकराकर पलट गई। इस हादसे में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस हादसे के कारण दक्षिण छोर की ओर जाने वाले रास्ते पर भारी जाम लग गया। पुलिस ने कार को रास्ते से हटाया और ट्रैफिक को फिर बहाल किया गया। इस हादसे की एक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें सफेद रंग की कार को पलटते हुए देखा गया है।
पुलिस अधिकारी ने ड्राइवर की पहचान विकास सोनवाने के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि वह कोल्हापुर में तैनात एक खाद्य निरीक्षक है और मीटिंग के लिए मंत्रालय जा रहे थे। तभी बारिश और तेज रफ्तार के कारण उनकी कार फिसल गई और पलट गई। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कार में लगे दोनों एयरबैग खुल गए थे, लेकिन बावजूद इसके विकास सोनेवाने को गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज जारी है और परिवार को भी मामले की सूचना दे दी गई है। यह सड़क हादसा शुक्रवार (13 जून 2025) देर रात हुआ था।
