Mumbai: आज पूरे देश में भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जा रहा है। कहते हैं कि भाइयों के कलाई पर बंधे रेशम के धागे भाई-बहन के अटूट प्यार, स्नेह और समर्पण को दर्शाते हैं। रक्षाबंधन भाई और बहन के प्यार, विश्वास और रक्षा की गरिमा को बनाए रखने का त्योहार है। ऐसे में हम देश के उन रक्षकों को कैसे भूल सकते हैं, जो हर पल पूरी मुस्तैदी के साथ सरहदों की रक्षा कर रहे हैं। सीमा सुरक्षा बल के जवानों के बीच आज मुंबई से आई बहनों ने रक्षा बंधन का पर्व मनाया।
देश की रक्षा कर रहे जवानों को बांधी राखियां
सरहदों की रखवाली कर रहे जवानों के बीच उनकी बहनों की कमी पूरी करने के लिए मुंबई से पश्चिमी राजस्थान की वैशाली बोथरा और उनके ग्रुप ने सीमा चौकियों पहुंचकर जवानों को राखी बांधी। सीमा सुरक्षा बल हेड क्वार्टर ( नार्थ) पर इन बहनों ने अपने सैनिक भाइयों को तिलक निकालकर मुंह मीठा करवाता हुए रक्षा सूत्र बांधे और उनके लिए गिफ्ट्स भी लेकर आईं। महिलाओं ने कहा कि देश के जवान आज के दिन अपनी बहनों से दूर सरहदों पर डटे हैं। इन भाइयों को राखी बांधकर हम खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।
बहनों की हर पल रक्षा का वचन
BSF के जवान हिन्दुस्तान की हर बहन के मान, सम्मान, स्वाभिमान की रक्षा करते हैं। इस वक्त हर किसी की आंखें नम हो गई। बहनों ने राखी बांधी और तमाम जवानों के लिए भगवान से लम्बी उम्र की कामना की। बदले में सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने सरहद की सुरक्षा करने के साथ ही बहनों की हर पल रक्षा एवं सुरक्षा के लिए तत्पर रहने का वचन दिया।
