Mumbai News: मुंबई के अंधेरी वेस्ट के बैरल नाइट क्लब में बंदूक की नोक पर लड़की से छेड़छाड़ करने और दहशत फैलाने के आरोप में मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 9 ने क्लब की इस सीसीटीवी फुटेज की मदद से समद खान और मोहम्मद आसिफ खान को गिरफ्तार किया। सीसीटीवी में रात 1:35 पर सफेद शर्ट पहना समद, काली शर्ट पहने अपने साथी आसिफ से रिवॉल्वर लेकर अपनी कमर के पास रखता नजर आता है और फिर डांस करने में मशगूल हो जाता है। लड़की का आरोप है कि आरोपी ने क्लब में डांस के दौरान उसे अपनी रिवॉल्वर का डर दिखाकर बार बार उससे छेड़खानी की।
मुंबई में कुख्यात बदमाश गिरफ्तार
समद खान के खिलाफ मुंबई के ओशिवारा, मालाड, मालवणी और चारकोप पुलिस थानों में आधा दर्जन केस दर्ज हैं। इसके अलावा ये हैदराबाद में ड्रग्स तस्करी के एक बड़े मामले में भी आरोपी है। वारदात जहां हुई वो अंधेरी वेस्ट का वो पॉश इलाका है जहां दर्जनों नाइट क्लब हैं जिनमे से ज्यादातर समय सीमा का उल्लंघन कर सुबह तक चलते हैं। इस घटना के बाद अंबोली पुलिस ने बैरल नाइट क्लब को सील कर दिया जबकि पूरे इलाके में नियम तोड़ने वाले बाकी नाइट क्लब भी अब पुलिस की रडार पर हैं।
