Mumbai New Cruise Terminal: मुंबई में पर्यटन को बढ़ाने के साथ शिपिंग और पोर्ट के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया गया है। यहां एक बड़े क्रूज टर्मिनल का विकास किया गया है, जो मुंबई के बलार्ड पियर के पास स्थित है। इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल द्वारा किया गया है। इसके माध्यम से लोग विदेश यात्रा भी कर सकेंगे। जानकारी के अनुसार, हर साल करीब 10 लाख से अधिक लोग विदेश से भारत आ-जा सकेंगे।
मुंबई का नया क्रूज टर्मिनल
2018 में शुरू हुआ था प्रोजेक्ट
मुंबई के बलार्ड पियर में क्रूज टर्मिनल बनाने का प्रोजेक्ट 2018 में शुरू किया गया था। लेकिन बीच-बीच में आई रुकावटों के कारण कार्य में देरी होती रही। बार-बार देरी के बाद अब जाकर टर्मिनल का कार्य पूरा हो गया है। बता दें की क्रूज प्रोजेक्ट कार्य की डेडलाइन जुलाई 2022 थी, लेकिन फंडिंग और संचालन में आने वाली बाधाओं के कारण इसे पूरा होने में इतना अधिक समय लग गया।
5 करोड़ रुपये का वार्षिक किराया
मिली जानकारी के अनुसार, क्रूज टर्मिनल का विकास सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत किया गया है। इसका संचालन बलार्ड पियर पोर्ट प्राइवेट लिमिटेड और जे एम बक्सी एंड कंपनी द्वारा संभाला जाएगा। बता दें कि एमबीपीए ने 30 करोड़ रुपये की सुरक्षा जमा करने के साथ 5 करोड़ रुपये का वार्षिक किराया होगा। साथ ही 30 साल का रियायत समझौता भी किया गया है, जो हर साल 5 प्रतिशत बढ़ेगा।
क्या है क्रूज टर्मिनल की खासियत
मुंबई में बना सबसे बड़ा क्रूज टर्मिनल 4.15 लाख वर्ग फुट में फैला हुआ है। यह तीन मंजिला है। इसकी मुख्य इमारत 1.70 लाख वर्ग फुट की है। नीचे के फ्लोर से यात्री आ-जा सकेंगे वहीं ऊपर दुकान आदि स्थित होंगी। इसमें 22 लिफ्ट हैं, 10 एस्केलेटर हैं, 300 गाड़ियों की पार्किंग है, खाने पीने की जगह और दुकानों के साथ घूमने की जगह हैं । बता दें कि इस क्रूज टर्मिनल का विकास 556 करोड़ रुपये की लागत के साथ किया गया है।
