मुंबई

Maharashtra Accident: भंडारा जिले में ट्रक ने बोलेरो को मारी जोरदार टक्कर, चार लोगों की मौत

Maharashtra Accident: महाराष्ट्र के भंडारा में एक बोलेरो और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।

Image

फाइल फोटो

Maharashtra Accident: महाराष्ट्र के भंडारा में एक सड़क हादसा सामने आया है, जहां चार लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह भीषण दुर्घटना मुंबई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भंडारा शहर के निकट बेला गांव में बीती रात हुई। बताया जा रहा है कि एक बोलेरो गाड़ी रायपुर से नागपुर की ओर जा रही थी। जब गाड़ी बेला गांव के पास पहुंची, तभी नागपुर की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के समय गाड़ी में पांच लोग सवार थे, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।

एक्सीडेंट से यातायात हुआ प्रभावित

इस बीच, घटना की जानकारी मिलने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया। भंडारा पुलिस और गाडेगांव हाईवे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हादसे में घायल हुए व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही उन्होंने गाड़ी से शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें शैलेंद्र बघेल, शैलेश गोकुलपुरे, विनोद बिनेवार और अशोक धैरवाल शामिल हैं। इसके अलावा, घायल हुए व्यक्ति का नाम अविनाश नागतोडे है। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

महाराष्ट्र में पिछले दिनों हुए हादसे

बीते दिनों महाराष्ट्र में हादसों में कई दुर्घटनाएं सामने आई हैं। 18 अप्रैल को भी मुंबई के चेंबूर इलाके में बीएमसी का कचरा ट्रक ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर पलट गया था। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग घायल हुए थे। इससे पहले महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में 15 अप्रैल को हुए हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 20 घायल हो गए थे। यह हादसा खामगांव-नांदुरा हाईवे पर हुआ, जहां मध्य प्रदेश परिवहन निगम की बस और ईंटों से लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। इससे पहले, बीते 4 अप्रैल को महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में हुए एक दर्दनाक हादसे में 7 महिलाओं की मौत हो गई थी। यह हादसा नांदेड़ के आलेगांव शिवरा गांव के पास हुआ था। मजदूरों को ले जा रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली के कुएं में गिरने से सात महिलाओं की मौत हो गई थी।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article