MMRCL: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में ट्रैफिक से परेशान लोगों के लिए खुशखबरी है। मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMRCL) की मुंबई मेट्रो लाइन-3 की पहली अंडर ग्राउंड मेट्रो एक्वा लाइन-3 का पहला चरण अक्टूबर के पहले हफ्ते में को खोला जा सकता है। बता दें कि मुंबई की पहली अंडर ग्राउंड मेट्रो एक्वा लाइन 3 का पहला चरण, जो गोरेगांव के आरे और बीकेसी के बीच है ये शुरू होगा।
कितने स्टेशन होंगे?
आपको बता दें कि इस फेज में आरे से बीकेसी के बीच में 10 मेट्रो स्टेशन होंगे। यात्रियों की सेवा के लिए नौ ट्रेनें होंगी, जिनमें से दो को अलग रखा जाएगा, एक नियमित रखरखाव के लिए, एक स्टैंडबाय के लिए और सात अन्य सक्रिय यात्री सेवा में होंगी। वहीं, सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक ट्रेन चलेंगी।
पहले फेज में 12.5 किमी
जानकारी के अनुसार, मेट्रो 3 मुंबई की पहली अंडरग्राउंड मेट्रो है, जो 33.5 किमी तक फैली है। इसमें फिलहाल पहले चरण में 12.5 किमी की दूरी तक ही स्टेशन बनाए गए हैं। मुंबई मेट्रो लाइन-3 का दूसरा फेज मार्च 2025 तक शुरू हो सकता है। यात्रियों को मेट्रो के लिए 3 से 4 मिनट का इंतजार करना होगा।
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
बताया गया कि यात्रियों को ज्यादा देर इंतजार नहीं करना होगा। एक मेट्रो जाने के बाद दूसरी मेट्रो 3 से 4 मिनट बाद आएगी। हर मेट्रो में कम से कम 2500 यात्री सवार हो पाएंगे। मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अनुसार, दोनों फेज शुरू होने पर करीब 1.7 मिलियन यात्रियों के आवाजाही की उम्मीद है।
