Crime News: फिजिकल रिलेशन बनाने से इंकार करने पर एक युवक ने 18 वर्षीय युवती की हत्या का प्रयास किया। 26 वर्षीय युवक का दावा है कि वह बॉलीवुड में कास्टिंग डायरेक्टर है। पुलिस ने उसे बीते सोमवार को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, घटना मुंबई की है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान कई खुलासे किए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया, आरोपी दीपक मालाकर बिहार का रहने वाला है। 11 अगस्त की घटना के बाद वह मुंबई से भागकर गुजरात के सूरत आ गया था, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को लगा था कि हमले के बाद पीड़ित की मौत हो गई, जिससे वह घबरा गया और वहां से भाग निकला।
फेसबुक पर हुई थी दोस्ती
पूछताछ के दौरान पता चला है कि 18 वर्षीय किशोरी की दीपक मालाकार से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। करीब दो महीने पहले दीपक पीड़िता के माता-पिता से भी मिला था और उसने युवती से शादी करने का प्रस्ताव भी दिया था। उसने खुद को बॉलीवुड में कास्टिंग डायरेक्टर बताया था। जिस कारण युवती के माता-पिता इस बात पर सहमत हो गए और उसे अपने 1-BHK फ्लैट में रहने की इजाजत दे दी।
युवती से बनाना चाहता था शारीरिक संबंध
पुलिस ने बताया, बीते 11 अगस्त को युवक ने युवती से शारीरिक संबंध बनाने को कहा। हालांकि, युवती ने इससे इंकार कर दिया, जिस कारण दोनों की बहस भी हुई। गुस्से में आकर युवक ने युवती का सिर दीवार पर कई बार पटका और तकिए से उसका मुंह दबाया। हमले से युवती बेहोश हो गई। युवक को लगा कि वह मर गई है, जिस कारण वह घबरा गया और पुलिस से बचने के लिए सूरत आ गया। हालांकि, युवती को बाद में होश आया और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
