Mumbai Rain Alert: मौसम विभाग ने आज मुंबई के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में एक बार फिर मायानगरी मानसून की भारी बारिश से जूझ रही है। सुबह-सुबह लोगों को जलभराव, ट्रैफिक जाम और लोकल ट्रेन में देरी की चिंता ने घेर लिया। लगातार हो रही बारिश और खराब ड्रेनेज सिस्टम ने शहर की कई सड़कों को डुबो दिया है। मुंबई में कुछ प्रमुख इलाकों में जलभराव देखने को मिला जिनमें किंग्स सर्कल और हिंदमाता शामिल हैं जहां अक्सर डीवॉटरिंग पंप फेल हो जाते हैं।
साथ ही मस्जिद बंदर, सीएसएमटी परिसर, क्रॉफर्ड मार्केट, मंत्रालय, फ्लोरा फाउंटेन, ब्रीच कैंडी, कोलाबा, चर्चगेट, फोर्ट, मरीन ड्राइव और ग्रांट रोड पर घुटने भर पानी भर गया। जानकारी के मुताबिक, केंप्स कॉर्नर की सड़क का एक हिस्सा ढह गया जहां से पानी बहने लगा। इससे यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। पंपिंग स्टेशन फेल हो जाने के कारण दादर, बांद्रा ईस्ट, अंधेरी सबवे, सायन गांधी मार्केट और मस्जिद के पास की लोकल ट्रेनों की आवाजाही भी बाधित हुई।
बदला गया बसों का रूट
बृहनमुंबई महानगरपालिका (BMC) ने शहर भर में 386 जलभराव वाले हॉटस्पॉट्स के बारे में पता लगाया है। पंपों की संख्या घटाने का फैसला वापस लेकर अब 514 डीवॉटरिंग पंप तैनात किए गए हैं, जो पिछले साल के 482 से ज्यादा हैं। बारिश का सबसे बड़ा असर शहर के ट्रैफिक पर पड़ा है। कई अंडरपास जलमग्न हैं, गड्ढे छिपे हुए हैं और वाहन बीच सड़क पर बंद हो रहे हैं। सायन, बांद्रा, मालाबार हिल, वर्ली और माटुंगा में बसों का रूट बदला गया या रोका गया है। हालांकि 6,000 से ज्यादा कर्मचारी सड़कों से मलबा हटाने और नालों की सफाई में लगे हैं, लेकिन ऊंची ज्वार लहरों और कमजोर इन्फ्रास्ट्रक्चर के चलते राहत मिलने में समय लग सकता है।
लोकल ट्रेनें हुईं प्रभावित
इस समय मुंबई की लाइफलाइन लोकल ट्रेनें कुछ शर्तों के साथ चालू हैं। सेंट्रल और हार्बर लाइन धीमी गति से चल रही हैं। बायकुला और सीएसएमटी के बीच पानी भरने के कारण कुछ ट्रेनें कुर्ला, दादर और परेल पर ही रोक दी गई हैं। हाल ही में सुबह 10:30 से 11:30 बजे के बीच 30 हार्बर लाइन ट्रेनें रद्द की गईं। जानकारी के मुताबिक वेस्टर्न रेलवे अब तक ज्यादा प्रभावित नहीं हुआ है, हालांकि यहां 10–20 मिनट की देरी देखी जा रही है। रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन यदि जलभराव बढ़ा तो दिक्कतें और भी बढ़ सकती हैं।
