मुंबई

Mumbai: होर्डिंग हादसे का मुख्य आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार, 7 महीनों से था फरार

Mumbai Hoarding Accident: मुंबई के घाटकोपर इलाके में होर्डिंग ढहने के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी अरशद खान को पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार किया है। वह पिछले सात महीनों से फरार चल रहा था।

Image

सांकेतिक फोटो

Mumbai Hoarding Accident: मुंबई पुलिस ने घाटकोपर में होर्डिंग ढहने के मामले में मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान कारोबारी अरशद खान (42) के रूप में हुई है। मामले के संबंध में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाए जाने के बाद से वह पिछले सात महीने से फरार था।

13 मई को घाटकोपर में हुई घटना

घाटकोपर इलाके में 13 मई को तेज हवाओं और बारिश के बीच एक पेट्रोल पंप पर विशालकाय अवैध होर्डिंग गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे में 80 से अधिक लोग घायल भी हुए थे। अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि होर्डिंग लगाने वाली ईगो मीडिया प्राइवेट लिमिटेड ने अरशद खान से जुड़े कुछ लोगों के बैंक खातों में 82 लाख रुपये हस्तांतरित किए थे। उन्होंने बताया कि खान पूर्व राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) आयुक्त कैसर खालिद की पत्नी का व्यावसायिक सहयोगी था।

आरोपी लगातार बदलाव रहा ठिकाना

अपना प्रारंभिक बयान दर्ज कराने के बाद खान मामले में जांच कर रहे मुंबई पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि पुलिस पिछले कुछ महीनों से खान की तलाश कर रही थी, लेकिन वह अपना ठिकाना बदलता रहा। उन्होंने बताया कि खान को आखिरकार रविवार को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया गया। जीआरपी की जमीन पर होर्डिंग लगाने की जब मंजूरी दी गई थी उस वक्त खालिद राजकीय रेलवे पुलिस आयुक्त थे तथा कथित चूक के कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया है। ईगो मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खातों से खान से जुड़े लोगों के खातों में कई लेनदेन हुए। पुलिस ने पहले दावा किया था कि इनमें से अधिकतर लेन-देन उस समय हुए जब खालिद जीआरपी आयुक्त थे।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article