Maharashtra Weather News: महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। गुरुवार (27 जुलाई, 2023) को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार बारिश के बाद जल-जमाव की समस्या (निचले इलाकों के साथ दक्षिण मुंबई में मरीन लाइन्स के पास रेल पटरी पर) देखने को मिली, जबकि इसी वजह से कुछ इलाकों में यातायात धीमा हो गया था। हालांकि, नगर निकाय ने पानी निकालने के लिए पंप का इस्तेमाल किया। इस बीच, यात्रियों ने चर्च गेट और मरीन लाइन्स स्टेशनों के बीच पटरियों पर जलभराव की शिकायत की, पर पश्चिम रेलवे ने कहा कि ट्रेन सेवा बाधित नहीं हुई।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुंबई केंद्र ने शुक्रवार (28 जुलाई, 2023) को मुंबई के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका परिषद (बीएमसी) ने सभी सरकारी और निजी स्कूल व कॉलेजों में बृहस्पतिवार को अवकाश की घोषणा की थी। बीएमसी अधिकारी के अनुसार, अगले 24 घंटे शहर में 45-55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
उधर, कोल्हापुर जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते पंचगंगा नदी का जलस्तर चेतावनी के निशान से ऊपर पहुंच गया। अधिकारियों ने इस बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया कि नदी के किनारे बसे छह गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।
जिला कलेक्टर के मुताबिक, पालघर जिला में भारी वर्षा के अलर्ट के चलते शुक्रवार (28 जुलाई, 2023) को सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। इस बीच, थाणे जिला के विभिन्न हिस्सों में जलजमाव की स्थिति देखने को मिली। वहां भी शुक्रवार को सभी प्राइमरी, सेकेंड्री और हायर सेकेंड्री स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।
