मुंबई

महाराष्ट्र में बारिश के साथ आंधी-तूफान, पालघर में 760 घर बर्बाद; मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र में प्री मानसून के असर से कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। राज्य के पालघर में मंगलवार की रात अतिवृष्टि और आंधी की चपेट में आने से करीब 760 से अधिक घर तबाह (क्षतिग्रस्त) हो गए।

Image

बारिश (फाइल फोटो)

Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र के पालघर जिले में बेमौसम बारिश और आंधी के कारण 760 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि बिजली का करंट लगने से एक बुजुर्ग की मौत भी हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण मछुआरों की करीब 50 नौकाएं भी क्षतिग्रस्त हो गईं। मुंबई और उससे सटे ठाणे, पालघर, रायगढ़ जिलों सहित महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मंगलवार रात भारी बारिश हुई। पालघर जिले के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बुधवार को बताया, ‘‘मंगलवार रात तूफान और भारी बारिश ने पालघर के कई तालुकाओं को बुरी तरह प्रभावित किया, जिससे 767 घरों को नुकसान पहुंचा। दहानु में सबसे अधिक 230 घरों को नुकसान पहुंचा, इसके बाद विक्रमगढ़ और वाडा में 92-92, जव्हार में 89, मोखाडा में 87, पालघर में 85, तलासरी में 63 और वसई में 29 घर क्षतिग्रस्त हुए।

उन्होंने बताया कि तेज हवाओं के कारण टूटकर गिरे बिजली के तार पर मोरेश्वर लोहार (65) ने गलती से पैर रख दिया, जिससे करंट लगकर उसकी मौत हो गई। यह घटना वेदी गांव में उस समय हुई जब लोहार बकरियां चराने गया था। कदम ने बताया कि दहानु के धकाती गांव में मछुआरों की करीब 50 नौकाएं और 10 से 12 घर क्षतिग्रस्त हो गए।

पालघर प्रभावित

सूचना मिलने पर पालघर के जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने स्थिति का आकलन करने और जिले के कुछ हिस्सों में मदद उपलब्ध कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम भेजी। प्रभावित मछुआरों और निवासियों से मुलाकात की, जिन्हें सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उपजिलाधिकारी महेश सागर ने कहा कि प्रशासन उन लोगों के साथ खड़ा है जिन्हें नुकसान हुआ है। सरकारी मानदंडों के अनुसार, प्रभावित नागरिकों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। मूल्यांकन प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है।

इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार और गुरुवार को कुछ इलाकों के बादलों की गरज के साथ बारिश और तेज़ हवाओं के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया। लोगों से आग्रह किया गया कि जब तक बहुत ज़रूरी न हो, वे घर के अंदर ही रहें।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article