Indian Economy News: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गोरेगांव के एक्जीबिशन सेंटर में गुरुवार को ताइवान एक्सपो 2023 का उद्घाटन किया। इस मौके पर ताइवान एक्सटर्नल ट्रेड डेवलपमेंट काउंसिल (TAITRA) के चेयरमैन जेम्स सी. एफ. हुंग भी मौजूद रहे। यह प्रदर्शनी 5 से 7 अक्टूबर तक चलेगी। फडणवीस ने अपने शुरुआती भाषण में कहा, 'महाराष्ट्र सरकार की ओर से मैं भारत की आर्थिक और मनोरंजन की राजधानी मुंबई में आप सभी का स्वागत करता हूं। ताइवान एक्सपो TAITRA द्वारा आयोजित सबसे बड़े आयोजनों में से एक है।'
देवेंद्र फडणवीस ने कहा, महाराष्ट्र भारतीय अर्थव्यवस्था का पावरहाउस है।
भारत की जीडीपी में महाराष्ट्र का कितना अहम योगदान?
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है कि 2018 और 2019 में हमारी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दो सफल आयोजन करने के बाद, पहली बार यह प्रदर्शनी दिल्ली के बाहर आयोजित किया जा रहा है।' फडणवीस ने इस आयोजन के लिए आयोजकों को मुंबई (महाराष्ट्र) चुनने के लिए धन्यवाद दिया। अपने भाषण में उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, जैसा कि आप सभी जानते हैं महाराष्ट्र भारतीय अर्थव्यवस्था का पावरहाउस है। महाराष्ट्र भारत की जीडीपी में 15 प्रतिशत से अधिक का योगदान देता है और भारत के निर्यात का 21 प्रतिशत। महाराष्ट्र भारत के FDI में 29 प्रतिशत और औद्योगिक उत्पादन में 20 प्रतिशत का सहयोग करता है।
सबसे अधिक बिजली उत्पादक पर क्या बोले फडणवीस
देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि इसी तरह देश में सबसे अधिक बिजली उत्पादक और सबसे बड़ी बिजली स्थापित क्षमता है। फडणवीस ने आगे कहा, 2028 तक 1 ट्रिलियन डॉलर जीडीपी तक पहुंचने का लक्ष्य है। उन्होंने आयोजकों से कहा कि जैसा कि TAITRA द्वारा मुझे भेजे गए आपके निमंत्रण पत्र में कहा गया है, यदि भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना है, तो महाराष्ट्र को एक भूमिका निभानी होगी और इसके लिए हमें संबंधों की बेहतर भावना को बढ़ावा देने लिए विश्वास और साझेदारी का एक पुल बनाने की आवश्यकता है। मेरा मानना है कि TAITRA और मेरी सरकार भी ऐसी ही दिशा में काम करेगी। मुझे बताया गया है कि मैन्युफैक्चरिंग, स्मार्ट सिटी, चिकित्सा उपकरण, जीवन शैली उत्पाद, कृषि और ईवी जैसे क्षेत्रों से जुड़ी ताइवान की 90 कंपनियां प्रदर्शनी में शामिल हैं।
उन्होंने कहा, इस एक्सपो में आने और अत्याधुनिक उत्पाद कंपनियों के साथ साझेदारी करने का एक शानदार अवसर है ताकि हम उन्हें भारत में बना सकें और घरेलू स्तर पर उपभोग करने के साथ-साथ दुनिया को आपूर्ति भी कर सकें। मुझे यह भी लगता है कि यह प्रदर्शनी TAITRA और हमारी सरकार के बीच लंबे समय से चले आ रहे रिश्ते की शुरुआत है। ताइवान की साउथ बॉन्ड नीति असाधारण रूप से अच्छी तरह से तैयार की गई है और हम दोनों पक्षों की कंपनियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए रणनीतिक गठजोड़ करने के लिए TAITRA के साथ काम करेंगे।
