Maharashtra CMO Notification: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को एक सर्कुलर जारी कर मुख्यमंत्री को दिए जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर और फूल माला की परंपरा को बंद करने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी कलेक्टर, एसपी, कमिश्नर और डेवलोपमेंट अधिकारियों के साथ आला अधिकारियों को यह निर्देश दिया है।
इस आदेश में कहा गया है कि जब भी मुख्यमंत्री के रूप में उनका दौरा हो उस दौरान कोई भी अधिकारी हार माला, बुके, फूल, गुलदस्ता लेकर नहीं आएगा। साथ ही उन्होंने पुलिस द्वारा मुख्यमंत्री को दिये जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर की परंपरा को भी बंद करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गार्ड ऑफ ऑनर और फूल माला की परंपरा बंद की जाए।
आदेश में कहा गया है कि किसी भी अधिकारी को गुलदस्ता नहीं मिलना चाहिए। साथ ही कहा गया है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान पुलिस द्वारा दिया जाने वाला पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर को रोक दिया जाना चाहिए। आदेश का विवेकपूर्ण तरीके से पालन किया जाना चाहिए।
महाराष्ट्र 'ई-कैबिनेट' को अपनाएगा
इससे पहले मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार ने 'ई-कैबिनेट' को अपनाने का फैसला किया है, जिसके तहत मंत्रिमंडल की बैठक के लिए फाइलों को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से संसाधित किया जाएगा। एक बयान के मुताबिक, दिन में हुई बैठक में 'ई-ऑफिस' की तर्ज पर 'ई-कैबिनेट' प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
बयान में बताया गया कि मंत्रिमंडल के समक्ष रखे जाने वाले प्रस्तावों के मसौदे 'टैबलेट' पर उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि कागज के इस्तेमाल पर अंकुश लगाया जा सके।
