मुंबई

Maharashtra Budget 2025: आज महाराष्ट्र का बजट डे, अजित पवार 11वीं बार करेंगे पेश, जानें इस बार क्या होगा खास

Maharashtra Budget 2025: अजित पवार आज महाराष्ट्र का बजट पेश करने वाले हैं। वित्त मंत्री के तौर पर अजित पवार 11वीं बार महाराष्ट्र का बजट पेश करेंगे। आज से महाराष्ट्र विधानमंडल का बजट सत्र शुरू हो रहा है।

Image

महाराष्ट्र बजट 2025-2026

Maharashtra Budget 2025: आज महाराष्ट्र का वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश होने वाला है। 10 मार्च यानी आज से महाराष्ट्र विधानमंडल का बजट सत्र शुरू होने वाला है। अजित पवार आज वित्त मंत्री के रूप में 11वां बजट पेश करने वाले हैं। यह देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुती सरकार का पहला बजट होगा। पेश करेंगे। इस बजट से आम जनता को काफी उम्मीदें हैं। साथ ही उद्योगपति और व्यापारी भी इस बजट पर नजरें टिकाए बैठे हैं। महाराष्टर के पिछले बजटों में मुख्य फोकस किसानों, मजदूरों, महिलाओं, छात्रों, युवाओं दलितों और आदिवासियों पर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार इस साल का बजट पेश करते समय देवेंद्र फड़नवीस के नेतृत्व वाली सरकार को काफी संतुलन बनाना होगा।

कोविड संकट में नहीं बिगड़ने दिया वित्तीय अनुशासन

अजित पवार को वित्तीय अनुशासन के मामले में एक सख्त प्रशासक के तौर पर जाना जाता है। जब वे बजट में लोक कल्याण से जुड़े निर्णयों की घोषणा करते हैं तो उन्हें इस बात का ध्यान रहता है कि इससे राज्य की विकास प्रक्रिया बाधित न हो। कोविड काल के दौरान कई राज्यों की अर्थव्यवस्थाएं संकट में थी। उस समय भी अजित पवार ने महाराष्ट्र के वित्तीय अनुशासन को बिगड़ने नहीं दिया। इसके लिए केंद्रीय स्तर पर उनकी प्रशंसा की गई। उनके नेतृत्व में राज्य के बजट में युवा, महिलाएं, किसान, श्रमिक, दलित, आदिवासी, स्टूडेंट्स सहित विभिन्न क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है।

अजित पवार ने 2021 का बजट अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन घोषित किया और इसे राज्य की महिला शक्ति को समर्पित किया। उन्होंने 2022 का बजट 11 मार्च को छत्रपति संभाजी महाराज के स्मृति दिवस पर पेश किया। पिछले साल का चुनाव पूर्व पेश किए गए बजट में जनहितकारी और लोकप्रिय फैसलों ने महायुति सरकार की फिर से सत्ता की वापसी में अहम भूमिका निभाई। आज पेश किए जाने वाले महाराष्ट्र के बजट पर भी जनता को काफी उम्मीदें है।

अजित पवार बनाएंगे नया रिकॉर्ड

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार आज अपना 11वां बजट पेश करने वाले हैं। इसके साथ ही वे दूसरे सबसे अधिक बार बजट पेश करने वाले वित्त मंत्री बन जाएंगे। शेषराव वानखेड़े ने सबसे अधिक 13 बार बजट पेश किया है। वहीं जयंत पाटिल ने 10 बार और सुशील कुमार शिंदे ने 9 बार बजट पेश किया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article