Ahmednagar Road Accident: महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में शुक्रवार को भीषण हादसा हो गया। अहमदपुर-अहमदनगर हाईवे पर दो कारों की जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुईं दोनों कारें
यह हादसा शुक्रवार देर रात अहमदपुर-अहमदनगर राजमार्ग पर चंदन सावरगांव में हुआ। जहाँ स्विफ्ट और स्कोडा कार की आमने-सामने से भिडंत हो गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को हुई तो वे मौके पर घटनास्थल पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वडगांव पुलिस इस घटना में आगे की जांच कर रही है।
हादसे के कारण लगा ट्रैफिक जाम
मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में मरने वाले लोगों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि तीनों मृतक पुरुष बताए जा रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर ट्रैफिक जाम हो गया था। उन्होंने बताया कि टक्कर के कारणों की जांच की जा रही है।
