मुंबई

Thane News: ऑटो हादसे में घायल महिला को मिलेगा 8.8 लाख का मुआवजा, अपील करने पर MACT ने दिए आदेश

Thane News: ठाणे जिले में MACT ने एक ऑटो दुर्घटना का शिकार हुई एक महिला को 8.8 लाख रुपये का मुआवजा देने के आदेश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि एक महीने के भीतर मुआवजा अदा किया जाएगा।

Image

ऑटो हादसे में घायल महिला को मिलेगा 8.8 लाख का मुआवजा

Photo : iStock

Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (MACT) ने एक सड़क दुर्घटना में घायल हुई 26 वर्षीय महिला को 8.8 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने का आदेश दिया है। एमएसीटी के सदस्य एस एन शाह ने ऑटो रिक्शा मालिक और बीमा कंपनी को एक माह के भीतर यह राशि महिला को अदा करने का निर्देश दिया। इस आदेश की प्रति रविवार को उपलब्ध कराई गई, जबकि यह आदेश 29 अप्रैल को पारित हुआ था।

याचिका की सुनवाई करते हुए दिया गया आदेश

यह दुर्घटना नौ दिसंबर, 2021 को उस समय हुई थी जब याचिकाकर्ता मोनिका अजय रोकड़े ठाणे शहर में मेट्रो रेल निर्माण कार्य से प्रभावित एक सड़क पर ऑटो रिक्शा से यात्रा कर रही थी। याचिकाकर्ता ने कहा कि ऑटो रिक्शा तेज गति से चल रहा था और वह एक गड्ढे में पलट गया। उसने बताया कि इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं और चालक ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 338 (किसी व्यक्ति की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कार्य से गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया।

रोकड़े ने दावा किया कि इस दुर्घटना के कारण वह स्थायी रूप से आंशिक विकलांग हो गई। बीमा कंपनी ने तर्क दिया कि ऑटो रिक्शा चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और दुर्घटना के समय वाहन में जरूरत से ज्यादा व्यक्ति सवार थे। हालांकि, बीमाकर्ता ने यह भी स्वीकार किया कि वाहन का प्रासंगिक अवधि के दौरान बीमा था। न्यायाधिकरण ने बीमा कंपनी के विरोधाभासी रुख को गंभीरता से लिया और यह भी कहा कि कंपनी अपने दावों के समर्थन में कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सकी। न्यायाधिकरण ने कहा कि यह दुर्घटना "दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक की लापरवाही" के कारण हुई और उस समय वाहन बीमाकृत था। न्यायाधिकरण ने ऑटो रिक्शा के मालिक और बीमा कंपनी को संयुक्त रूप से 8.84 लाख रुपये की राशि जमा करने का आदेश दिया।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article