Lucknow-Mumbai Flight Cancelled: एअर इंडिया ने 17 जून के लिए निर्धारित अपनी लखनऊ-मुंबई उड़ान सेवा को परिचालन कारणों की वजह से रद्द कर दिया। दिल्ली में भारी बारिश के कारण उड़ान मार्ग में बदलाव के चलते इसे कैंसिल किया गया। हालांकि एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की हैं, यात्रियों को होटल में ठहराया गया है। साथ ही एयरलाइन ने उड़ान रद्द होने पर पूरा किराया वापसी या अन्य उड़ानों में सफर करने का विकल्प भी दिया है।
फाइल फोटो
क्यों रद्द हुई लखनऊ-मुंबई फ्लाइट
एअर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को जल्द से जल्द लखनऊ पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि 17 जून के लिए निर्धारित मुंबई से लखनऊ जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई2491 को ‘‘परिचालन कारणों’’ से रद्द कर दिया गया। एयरलाइन ने बताया कि दिल्ली में भारी बारिश के कारण उड़ान मार्गों के परिवर्तन की वजह से भी उड़ान को रद्द करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही जिन उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया, उनके देरी से गंतव्य तक पहुंचने का असर चालक दल के पहुंचने पर भी हुआ।
एयरलाइन ने बताया कि मौसम संबंधी देरी और बाधाओं के कारण उनके बदले में अन्य चालक दल की व्यवस्था तुरंत नहीं की जा सकी। उसने बताया कि प्रभावित यात्रियों की परेशानियों को कम करने के लिए उन्हें होटल में ठहराया गया। यात्रियों को उड़ान रद्द होने पर पूरा किराया वापस करने या किसी और उड़ान में उनके जाने की व्यवस्था करने का प्रस्ताव भी दिया गया है।
(इनपुट - भाषा)
