IPS Deven Bharti: भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी देवेन भारती को मुंबई के नए पुलिस आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। बुधवार शाम को भारती, विवेक फणसालकर से पदभार ग्रहण करेंगे, जो 35 वर्षों तक पुलिस बल में सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हो रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के गृह विभाग ने उनकी नियुक्ति के संबंध में आदेश जारी किया है। मुंबई पुलिस आयुक्त का पद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) रैंक का होता है। हालांकि, हाल की कुछ नियुक्तियों में इसे महानिदेशक (डीजी) रैंक तक बढ़ाया गया था, लेकिन अब इसे पुनः एडीजीपी रैंक में समायोजित किया गया है।
1994 बैच के आईपीएस
वर्ष 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी भारती वर्तमान में मुंबई पुलिस के विशेष आयुक्त हैं। इससे पहले उन्होंने 50,000 मजबूत पुलिस बल की क्षमता वाली मुंबई पुलिस में विभिन्न पदों पर सेवा की है, जिसमें संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था), अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) और पुलिस उपायुक्त (अपराध) का पद शामिल है। अपने लंबे करियर में उन्होंने राज्य पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) के रूप में सेवा देने के अलावा महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) का भी नेतृत्व किया है।
हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच
मुंबई पुलिस की जिम्मेदारी सौंपे जाने से पहले भारती ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी काम किया था। अपने खोजी कौशल के लिए मशहूर भारती कई ‘हाई-प्रोफाइल’ मामलों की जांच का हिस्सा रहे हैं, जिसमें 26/11 का मुंबई आतंकवादी हमला भी शामिल है। इस हमले में 166 लोग मारे गए थे।
(इनपुट - भाषा)
