Ambarnath Pharma Company Fire: महाराष्ट्र के अंबरनाथ में एक फार्मा फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलने पर अंबरनाथ, कल्याण, उल्हासनगर और बदलापुर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गईं। आग इतनी भयंकर थी कि दूर से ही धुएं के बड़े गुब्बार नजर आ रहे थे। आग लगने से एक 38 वर्षीय मजदूर घायल हो गया है।
रसिनो फार्मा में लगी आग
यह घटना ठाणे जिले के अंबरनाथ के आनंदनगर एमआईडीसी इलाके की है। जहां रसिनो फार्मा नामक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। इस फैक्ट्री में रविवार को रात 10 बजे के करीब आग लगी। इस दौरान कंपनी से विस्फोट की आवाजें भी सुनने को मिली। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान की संभावना है। हालांकि अभी तक यह नहीं पता चला है कि आग किस वजह से लगी।
दमकल कर्मियों के चार दलों ने पाया आग पर काबू
ठाणे पुलिस कंट्रोल रूम के एक अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में 38 वर्षीय अनिल यादव नामक एक कर्मचारी आग में झुलस गया है। जिसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि अंबरनाथ, उल्हासनगर, बदलापुर और कल्याण से चार दमकल कर्मियों के दल आए थे। जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात पौने तीन बजे आग को काबू कर लिया। आग में फैक्ट्री जलकर खाक हो गई है।
