Mumbai Rain Alert: मुंबई में उमस भरी गर्मी और तेज धूप से लोग परेशान हैं। यहां उमस का स्तर बढ़ता जा रहा है। लेकिन जल्द ही मुंबईकरों को गर्मी से राहत मिलने वाली है। मुंबई समेत आसपास के इलाकों में आज अच्छी बारिश होने का अनुमान है। यहां 40 से 60 एमएम तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आगामी 72 घंटों के लिए एमएमआर के लिए बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है। बारिश के कारण मुंबई में एक से दो दिन में गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद है। सोमवार को यहां पर मॉनसून की भी दस्तक होने वाला है।
मुंबई में बारिश का अलर्ट
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
क्षेत्रीय मौसम विभाग ने आगामी 2 दिन के लिए मुंबई और पालघर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं ठाणे लिए 11 जून और रायगढ़ के लिए 10-11 जून को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पुणे, सिंधुर्ग और प्रदेश की अन्य जगहों पर भी भारी बारिश की संभावना है। मुंबई में सोमवार से मंगलवार के बीच मॉनसून पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा। जिससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। बारिश से मुंबई के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
शनिवार को हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को मुंबई का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उमस का स्तर बढ़कर 75 फीसदी तक पहुंच गया है, दिन में आद्रता 64 फीसदी दर्ज हुई। शनिवार को मुंबई उपनगर, ठाणे और वसई-विरार के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश हुई।
