मुंबई

Mumbai Weather Report: मूसलाधार बारिश से डूबी मुंबई, ठप पड़ीं लोकल ट्रेनें; समुंद्र में हाईटाइड का अलर्ट

Mumbai Weather Report: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई बारिश से पानी-पानी है। भारी जलभराव के कारण कल्याण से ठाकुर्ली स्टेशन के बीच लोकल ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। आइये जानते हैं कहां कितनी बारिश हुई है?

Image

मुंबई में भारी बारिश

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • मुंबई में झमाझम बारिश
  • जलभराव के चलते लोकल ट्रेनें प्रभावित
  • समुद्र में ऊंची लहरें उठने का पूर्वानुमान

Mumbai Weather Report: मुंबई में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भारी बारिश जारी रही, जिससे मध्य रेलवे नेटवर्क के कल्याण और ठाकुर्ली स्टेशन के बीच व्यस्त समय के दौरान लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। सुबह कुछ इलाकों में महज एक घंटे में 34 मिलीमीटर तक की बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि सुबह आठ बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अ‍वधि में मुंबई में औसतन 135 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस अ‍वधि में पूर्वी मुंबई में 154 मिलीमीटर और पश्चिमी मुंबई में 137 मिलीमीटर बारिश हुई।

अत्यधिक भारी का अलर्ट

मुंबई और उसके उपनगरों में भारी बारिश तथा समुद्र में ऊंची लहरें उठने के पूर्वानुमान के बीच शहर में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के तीन दल तैनात किए गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार सुबह आठ बजे से अगले 24 घंटे के लिए ‘‘शहर और उसके उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश, कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।

लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित

मालाबार और मुलुंद हिल में सुबह छह बजे से सात बजे के बीच 34 मिलीमीटर, भांडुप में 29 मिलीमीटर, वडाला ईस्ट में 24 मिलीमीटर और वर्सोवा में 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी रेलवे ने कहा कि सोमवार सुबह लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हुईं। हालांकि, यात्रियों ने दावा किया कि रेलगाड़ियां पांच से 10 मिनट की देरी से चल रही थीं।

सड़कें जलमग्न

मध्य रेलवे ने भी बताया कि सभी चार गलियारों पर लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य हैं। हालांकि, यात्रियों ने दावा किया कि सिग्नल में दिक्कत के कारण सुबह व्यस्त समय के दौरान कल्याण और ठाकुर्ली स्टेशन के बीच रेल यातायात प्रभावित हुआ। एक यात्री ने बताया कि कई यात्री पटरियों पर पैदल चल रहे हैं, क्योंकि ट्रेन काफी लंबे वक्त से रुकी हुई हैं। इससे एक दिन पहले, मुंबई और उपनगरों में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, विमानों का मार्ग बदलना पड़ा और दादर तथा माटुंगा स्टेशन के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुईं।

मीठी नदी उफान पर

मुंबई में रविवार से लगातार जारी बारिश के कारण मीठी नदी उफान पर है। महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में कोंकण और विदर्भ क्षेत्र में सप्ताहांत से भारी बारिश हो रही है, जिससे नदियां उफान पर हैं और निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। इसके परिणामस्वरूप, मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में एनडीआरएफ दल तैनात किए गए हैं। एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने बताया कि हमने मानसून के कारण वसई (पालघर), ठाणे, घाटकोपर और पवई (मुंबई), महाड (रायगढ़), खेड़ और चिपलुन (रत्नागिरी), कुडाल (सिंधुदुर्ग), कोल्हापुर, सांगली, सातारा में एनडीआरएफ दलों को तैनात किया है।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article