मुंबई

Mumbai News: जेब में ड्रग्स रखकर युवक को फंसाना चाहती थी पुलिस, सीसीटीवी सामने आने पर चार निलंबित

Mumbai News: डेनियल ने दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने पहले उसे स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के मामले में फंसाने की धमकी दी, लेकिन जब उन्हें पता चला कि उनकी हरकतें सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई हैं, तो उसे छोड़ दिया।

Image

चार पुलिसकर्मी निलंबित।

Photo : iStock

Mumbai News: मुंबई में छापेमारी के दौरान, एक व्यक्ति के पास कथित तौर पर मादक पदार्थ रखे जाने को दर्शाने वाली सीसीटीवी फुटेज के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शनिवार को चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (जोन 11) राजतिलक रोशन ने बताया कि निलंबित किये गए पुलिसकर्मियों में एक उपनिरीक्षक और तीन कांस्टेबल शामिल हैं।

सूत्रों ने बताया कि खार पुलिस थाने के आतंक रोधी प्रकोष्ठ से जुड़े पुलिसकर्मियों ने शुक्रवार शाम शहर के कलिना इलाके में एक भूखंड पर छापा मारा और डेनियल नामक एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। हालांकि, घटना की सीसीटीवी फुटेज में एक पुलिसकर्मी को व्यक्ति की जेब में कोई चीज डालते हुए देखा जा सकता है।

पुलिसकर्मियों ने पहले दी थी धमकी

डेनियल ने दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने पहले उसे स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के मामले में फंसाने की धमकी दी, लेकिन जब उन्हें पता चला कि उनकी हरकतें सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई हैं, तो उसे छोड़ दिया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने और वीडियो में दिख रहे संदिग्ध कृत्यों के लिए चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है तथा जांच लंबित रहने तक उन्हें निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा, वे मादक पदार्थ के बारे में सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने जो कुछ भी किया, उसे सीसीटीवी में देखा जा सकता है। डेनियल के एक सहयोगी ने समाचार चैनल से बात करते हुए आरोप लगाया कि जिस भूखंड पर यह घटना हुई, उसे लेकर विवाद के कारण एक बिल्डर के इशारे पर उन्हें निशाना बनाया गया।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article