Mumbai Showroom Fire: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पेडर रोड इलाके में आग लगने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि आग ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कपड़े के शोरूम में लगी है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का कार्य शुरू किया गया। इस दौरान ऊपरी मंजिल में कई लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। दमकल की टीम ने 24 लोगों का रेस्क्यू किया है।
पेडर रोड के कपड़ा शोरूम में लगी भीषण आग
शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
हादसे की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पेडर रोड पर स्थित शांति बिल्डिंग में आग शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी है। आग की सूचना मिलते ही बिल्डिंग में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना स्थल पर मौजूद अग्निशमन अधिकारी ई. बी. माटले ने बताया कि "आग सुबह 6.30 बजे के करीब लगी। ग्राउंड फ्लोर पर कपड़े का शोरूम मौजूद है, जिसमें आग लगी है। यह शोरूम बंद था। ग्लास डोर को तोड़कर जवानों द्वारा आग बुझाई गई। बिल्डिंग की छत से 19, पहली मंजिल से 5 लोगों और कुछ जीवों को रेस्क्यू किया गया है। शोरूम बंद होने के कारण अंदर प्रवेश करने में मुश्किल हुई। आग पूरी तरह बुझ चुकी है। कूलिंग ऑपरेशन जारी है और अभी स्थिति सामान्य है।"
