मुगल बादशाह औरंगजेब के अत्याचार और कुकर्म इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं। लेकिन कुछ लोग आज भी मौजूद हैं, जो औरंगजेब की तारीफ में कसीदे गढ़ते रहते हैं। ऐसे ही एक समाजवादी पार्टी नेता अबू आजमी भी हैं। औरंगजेब पर दिए उनके बयान से सियासत गर्मा गई है। इस बीच उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवाया गया है। शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के की शिकायत के आधार पर ठाणे के वागले एस्टेट पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
क्या कहा था अबू आजमी ने
अबू आजमी ने बयान दिया था कि औरंगजेब के शासन के दौरान भारत की जीडीपी 24 फीसद थी। यही नहीं अबू आजमी ने कहा कि औरंगजेब के समय देश 'सोने की चिड़िया था।' उन्होंने कहा, औरंगजेब ने कई मंदिर भी बनवाए थे और इतिहास में कई गलत चीजें बतायी गई हैं।
अबू आजमी के अनुसार औरंगजेब क्रूर शासन नहीं था। उनके अनुसार औरंगजेब ने कई मंदिर बनवाए थे, जबकि सच्चाई यह है कि औरंगजेब के समय ही गैर मुस्लिमों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए। उसी के शासन काल में देशभर में तमाम मंदिरों को नुकसान पहुंचाया गया।
लगी ये धाराएं
अबू आजमी के इस बयान के बाद ठाणे पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299, 302 और 356 के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इससे अबू आजमी की मुश्किलें बढ़ना तय है।
विवाद बढ़ने पर भी अबू आजमी ने अपनी उस बात का समर्थन किया और कहा, 'हमने जो पढ़ा है, उन्होंने अपने शासन के लिए एक रुपया नहीं लिया। उनके जमाने में अफगानिस्तान और बर्मा तक भारत की सीमा थी। देश सोने की चिड़िया था और इसीलिए अंगेरेज यहां आए। उनकी सेना में हिंदू कमांडर थे। यह कोई हिंदू मुस्लिम की लड़ाई नहीं थी।' यही नहीं औरंगजेब को कब्र से निकालने की एक भाजपा नेता की बात पर अबू आजमी ने कहा कि सत्ता के अहंकार में वे यह सब कह रहे हैं।
भाजपा ने याद दिलाया इतिहास
इस बीच भाजपा नेता रामकदम ने अबू आजमी की इतिहास याद दिलाया है। उन्होंने कहा, 'इतिहास को कोई बदल नहीं सकता। या तो उन्होंने इतिहास पढ़ा नहीं है, या वे जानबूझकर ऐसा कर रहे हैं। संभाजी के साथ औरंगजेब ने क्या किया, यह सब जानते हैं। वो बताएं कि औरंगजेब ने कौन सा मंदिर बनवाया था। ये अक्रांता हमारे देश के नहीं हैं। इन्होंने हमारे देश को लूटा है, इस लूट को तुम कैसे नकारोगे?'
आदित्य ठाकरे ने भी सुनाई खरी-खोटी
शिवसेना (UTB) के नेता आदित्य ठाकरे ने भी अबू आजमी को इस मामले में खरी-खोटी सुनाई है। लेकिन गठबंधन के सहयोगी होने के नाते उन्होंने सधे हुए अंदाज में अबू आजमी के बयान पर कहा, 'ये शिवाजी महाराज का अपमान है। अबू आजमी ने जो कहा है, उनके खिलाफ केस होना चाहिए। लेकिन कब होगा... यहां तो भाजपा की सरकार है।'
एकनाथ शिंदे ने बताया पाप
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे भी अबू आजमी के बयान पर भड़क गए। उन्होंने अबू आजमी पर जोरदार हमला किया और कहा, उनकी हिम्मत कैसे होती है औरंगजेब की तारीफ करने की। उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए। औरंगजेब ने संभाजी महाराज को 40 दिनों तक प्रताड़ित किया था। उन्होंने कहा, ऐसे व्यक्ति को अच्छा कहना भी पाप है। शिंदे ने अबू आजमी से माफी मांगने को कहा।
