Mumbai Boat Accident: मुंबई में बुधवार को 'नीलकमल' नामक नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह से 13 लोगों की मौत हो गई है जिसमें नौसेना के 3 जवान भी शामिल हैं। बता दें कि नाव करंजा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाव में 85 यात्री सवार थे, लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, 101 लोगों को बचा लिया गया है। बता दें कि नौसेना और पुलिस मामले की जांच करेगी।
समाचार एजेंसी एएनआई ने मुख्यमंत्री फडणवीस के हवाले से बताया कि नौसेना की एक नाव दोपहर करीब 3 बजकर 55 मिनट पर नीलकमल नामक यात्री नाव से टकरा गई। 101 लोगों को बचा लिया गया है और 13 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने मृतकों के परिवार को मुख्यमंत्री रिलीफ फंड से 5-5 लाख रुपये की मदद देने का ऐलान किया है।
कहां जा रही थी नाव?
नाव मुंबई से एलिफेंटा द्वीप की ओर जा रही थी तभी शाम करीब साढ़े छह बजे उरण, करंजा के पास यह हादसा हुआ। इस हादसे में अबतक 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
पल-पल का अपडेट ले रहे CM फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमें नीलकमल नामक नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली है, जो एलीफेंटा की ओर जा रही थी। नौसेना, तटरक्षक, बंदरगाह और पुलिस टीमों की नावों को तुरंत सहायता के लिए भेज दिया गया है। हम जिला और पुलिस प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं। अधिकांश यात्रियों को बचा लिया गया है। हालांकि, बचाव अभियान अभी भी जारी है। जिला प्रशासन को अभियान के लिए सभी आवश्यक संसाधनों को तैनात करने के आदेश दिए गए हैं।
कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
भारतीय नौसेना ने बताया कि आज दोपहर को नौसेना के एक जहाज ने इंजन परीक्षण के दौरान इंजन में आई खराबी की वजह से मुंबई बंदरगाह में अपना नियंत्रण खो दिया। जिसकी वजह से जहाज एक यात्री नाव से जा टकराया, जो बाद में पलट गई। अबतक हादसे में 13 लोगों के मारे जाने की सूचना है। घटनास्थल से बचाए गए लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
नौसेना के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है जिसमें 4 नौसेना हेलीकॉप्टर, 11 नौसेना के जहाज, एक तटरक्षक नाव और तीन समुद्री पुलिस के जहाज शामिल हैं, जो जीवित बचे हुए लोगों को बचाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

मुंबई में नाव पलटी
नाव पलटने की घटना के तत्काल बाद रेस्क्यू अभियान चलाया गया। हालांकि, नाव कैसे पलटी? अभी तक इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिला है। फिलहाल बचाव कर्मी शेष लोगों की तलाश में जुटे हैं।
रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि नौसेना और तटरक्षक बल ने घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान में नौसेना की 11 नाव, समुद्री पुलिस की तीन नाव और तटरक्षक बल की एक नाव इस्तेमाल की जा रही हैं। अधिकारी ने बताया कि खोज एवं बचाव अभियान के लिए चार हेलीकॉप्टर की मदद ली गई।
(एजेंसी अपडेट के साथ)
