शंकर मिश्रा (Shankar Mishra) द्वारा एअर इंडिया (Air India Flight) की फ्लाइट में की गई हरकत के बाद अब एक महिला ने भी कुछ ऐसी ही हरकत की है। यह नई घटना एयर विस्तारा (Vistara Airlines) में हुई है। घटना धाबी (Abu Dhabi) से मुंबई (Mumbai) जा रही विस्तारा की उड़ान यूके 256 में हुई उस समय हुई जब एक 45 वर्षीय 'शराबी' इतालवी महिला ने कथित तौर पर एक केबिन क्रू सदस्य को घूंसा मारा और दूसरे पर थूक दिया।
क्रू मेंबर पर किया हमला
रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला की पहचान इटली की रहने वाली पाओला पेरुशियो के रूप में हुई है जिसके पास इकॉनोमी क्लास का टिकट था लेकिन वह बिजनेस क्लास की सीट पर बैठने की जिद कर रही थी। इसके बाद जब क्रू मेंबर्स ने आपत्ति जताई तो उसने केबिन क्रू के सदस्यों पर हमला किया। जब मामला बढ़ा तो उसने अपने कुछ कपड़े उतार दिए और आंशिक रूप से नग्न अवस्था में गलियारे में चलने लगी। केबिन क्रू की शिकायत पर सहार पुलिस ने सोमवार तड़के फ्लाइट के मुंबई में लैंड करने के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया।बिजनेस क्लास में जाकर बैठ गई
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सहार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, 'लगभग तड़के 2.30 बजे, महिला, जो कि इकोनॉमी क्लास में बैठी थी, अचानक उठी और बिजनेस क्लास की तरफ गई और वहां बैठ गई। केबिन क्रू के दो सदस्यों ने उससे संपर्क किया और पूछा कि क्या उसे मदद की जरूरत है। जब महिला यात्री ने कोई जवाब नहीं दिया, तो उन्होंने उससे अपनी निर्धारित सीट पर लौटने का अनुरोध किया। इस दौरान महिला ने उन पर चिल्लाना शुरू कर दिया और अभद्र इशारे किए, जिससे चालक दल को संदेह हुआ कि वह उनके साथ दुर्व्यवहार कर रही है।'
कोर्ट से मिली जमानत
जब चालक दल के सदस्यों ने महिला को दुर्व्यवहार करने से रोकने की कोशिश की, तो उसने कथित तौर पर उनमें से एक के चेहरे पर मुक्का मारा और दूसरे पर थूक दिया। जब अन्य चालक दल के सदस्य अपने सहयोगियों की मदद के लिए दौड़े, तो महिला ने कपड़े उतारना शुरू कर दिया। काफी देर तक वह बिना कपड़ों के विमान के अंदर चलने लगी। महिला को काबू करने के लिए क्रू मेंबर्स को काफी मशक्कत करनी पड़ी। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक बड़ी मुश्किल से क्रू ने महिला को कपड़े पहनाए औऱ फ्लाइट के लास्ट में एक छोर पर तब तक बांध दिया जब तक कि फ्लाइट सुबह करीब 5 बजे मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नहीं उतर गई। महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जमानत मिल गई। महिला शराब के नशे में धुत थी।
