मुंबई

Central Railway: ट्रेन में सामान की चिंता छोड़कर लीजिए सफर का मजा, रेलवे की नई पहल से मिलेगी चोरों से निजात

अब ट्रेन में सफर करने वाले लोग बिना अपने सामान की चिंता किए खूब आराम से सफर का आनंद ले सकते हैं। ट्रेन जर्नी को सुरक्षित बनाने के लिए सेंट्रल रेलवे ने एक टास्क फोर्स का बनाने का फैसला किया है। इससे आए दिन होने वाली चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। इसका असर भी दिखना शुरू हो चुका है।

Image

सुरक्षा और सुविधा के लिए AC डिब्बों में गश्त करेगी टास्क फोर्स

Photo : Twitter

Mumbai: रेल की यात्राओं में सबसे बड़ी चिंता होती, सामान के चोरी होने की। खास तौर पर ऐसी जगहें जहां भीड़ ठीक-ठाक हो, सामान चोरी होने की आशंका और बढ़ जाती है। ट्रेन और भीड़ जब एक वाक्य में आते हैं तो बरबस ही ध्यान मुंबई की ओर चला जाता है। मुंबई लोकल का नाम लेते ही दिमाग में पहली छवि भीड़ की ही आती है। रेलवे स्टेशनों की भीड़ के मामले में शायद ही इसका कोई सानी हो। यहां से भी आए दिन बोगियों से सामान चोरी होने की घटनाएं आती रहती हैं। चाहें आप सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से AC कंपार्टमेंट में ही क्यों न यात्रा करते हों। इस मामले में अब AC डिब्बों के लिए एक राहत की खबर है। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि AC बोगियों में होने वाली चोरियां अब कल की बात होने वाली है, इसका कारण है सेंट्रल रेलवे की एक पहल। सेंट्रल रेलवे ने AC लोकल टास्क फोर्स का गठन किया है, जो इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाएगी।

सुरक्षा और सुविधा के लिए टास्क फोर्स

सेंट्रल रेलवे ने सबअर्बन ट्रेनों में अनियमित यात्रा से संबंधित मुद्दों को हल करने के लिए एक AC क्लास टास्क फोर्स की शुरुआत की है। इसके तहत यात्रियों की समस्‍याओं पर तुरंत कार्रवाई के लिए एक खास टीम तैनात की गई है। इस टास्क फोर्स के लिए 24/7 व्हाट्सएप शिकायत नंबर 7208819987 भी जारी किया गया है, जिसपर संपर्क करके इस फोर्स से शिकायत भी की जा सकती है। इससे खास तौर पर पीक ऑवर्स के दौरान तत्काल सहायता मिलती है और जरूरी कार्रवाई की जाती है।

तत्काल मिलता है जवाब

इस व्हाट्सएप नंबर पर दर्ज कराई गई शिकायत का तुरंत जवाब दिया जाता है और कार्रवाई भी की जाती है। अगर शिकायत के दौरान टास्क फोर्स उपलब्ध नहीं होता है तो उसपर अगले दिन कार्रवाई की जाती है। 10 मार्च 2025 तक व्हाट्सएप पर 8735 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 100 फीसदी शिकायतों का रिस्पॉन्स दिया गया।

दिखने लगा है असर

सेंट्रल रेलवे AC क्लास टास्क फोर्स के जरिए बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ भी अभियान चला रहा है। जिसका असर आंकड़ों में साफ दिख रहा है। अभियान में AC लोकल में अनियमित टिकट यात्रियों के 92,217 मामलों का पता लगाने में मदद मिली है, जिससे 3.03 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article