मुंबई

ठाणे में पति का क्रूर चेहरा बेनकाब, मारपीट से नहीं भरा मन तो मांगा दहेज; फिर दिया तीन तलाक

Thane News: ठाणे जिले में एक महिला ने अपने पति और उसके परिवार पर तीन तलाक देने, पैसे मांगने और मारपीट करने का मामला पुलिस में दर्ज करवाया है। महिला ने बताया कि आरोपी पति उसे मार्च 2022 से प्रताड़ित कर रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

ठाणे क्राइम न्यूज

Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक महिला को ‘तीन तलाक’ देने, उसके साथ मारपीट करने और पैसे के लिए उसे प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने बताया कि उसका पति उससे लंबे प्रताड़ित कर रहा है और पैसा मांग रहा है। पैसे न मिलने पर उसके साथ मारपीट भी करता है। पुलिस ने शिकायत दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

दहेज के लिए पत्नी को प्रताड़ित करता है आरोपी

शांति नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह मामला भिवंडी इलाके का है। यहां एक 26 वर्षीय महिला अपने पति के परिवार के साथ रह रही थी। लंबे समय से पति की प्रताड़ना झेल रही महिला ने हाल ही में पुलिस में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति और उसके परिवार के सदस्य उससे 50 हजार रुपये मांग रहे हैं। महिला ने बताया कि वह पैसे इसलिए मांग रहे हैं क्योंकि उन्हें शादी में दहेज नहीं दिया गया।

महिला ने अपने पति पर यह भी आरोप लगाया कि वह उसके हाथ-पैर बांधकर उसकी पिटाई करता है। इतना ही नहीं कई बार उसे जान से मारने की धमकी भी दे चुका है। महिला का कहना कि आरोपी पति उसे मार्च 2022 से प्रताड़ित कर रहा है। प्राथमिकी के अनुसार, महिला के पति ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया है और 'तीन तलाक' के माध्यम से शादी भी रद्द कर दी। बता दें कि तीन तलाक पर सरकार ने 2019 में प्रतिबंध लगा दिया था। महिला के पति, उसकी मां, दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 के संबंधित प्रावधानों के तहत पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article