हाल ही में बॉलीवुड निर्देशक और कोरियोग्राफर फराह खान ने हिंदुओं के त्योहार पर एक विवादित टिप्पणी की। जिसके चलते 21 फरवरी यानी शुक्रवार को फराह खाने के खिलाफ मुंबई के खार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई। इस शिकायत में फराह खान के विवादित बयान को लेकर एक्शन की मांग की जा रही है। बता दें कि यह शिकायत "हिंदुस्तानी भाऊ" के नाम से मशहूर विकास पाठक द्वारा की गई है। उन्होंने अपनी शिकायत में दावा किया है कि फराह खान के इस होली वाले बयान ने उनकी और हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। शिकायत में अनुरोध किया गया है कि फराह खान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 196, 299, 302 और 353 के खिलाफ एक्शन लिया जाए।
होली को लेकर फराह खान ने दिया विवादित बयान
20 फरवरी को सेलिब्रिटी मास्टरशेफ टेलीविजन शो के एक एपिसोड में कोरियोग्राफर फराह खान ने होली त्योहार को लेकर विवादित बयान दिया था। फराह खान ने होली के सिलसिले में बात करते हुए कहा था कि "सारे छपरियों का पसंदीदा त्योहार होली ही होता है।" इस बयान के बाद से 21 फरवरी को हिंदुस्तानी भाऊ के नाम से मशहूर विकास पाठक ने दावा किया कि फराह खान ने होली को 'छपरियों का त्योहार' बताया है। इसके बाद विकास पाठक ने अपने वकील अली काशिफ खान देशमुख के जरिए मामला दर्ज करवाया।
हिंदुस्तानी भाई का कहना है कि फराह खान के इस बयान से न केवल उनकी बल्कि हिंदू समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है। शिकायत में होली त्योहार को लेकर अपमानजनक और आपत्तिजनक कमेंट पर न्याय की मांग करते हुए, फराह खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। हिंदू त्योहार पर किए गए कमेंट के बाद से सोशल मीडिया पर फराह खान को लगातार ट्रोल किया जा रहा है।
