Mumbai Bus Accident: मुंबई के कुर्ला पश्चिम में सोमवार रात को एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है और 49 लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा रात करीब 10 बजे S.G बर्वे मार्ग पर अंजुम-ए-इस्लाम स्कूल के पास L वार्ड कार्यालय के सामने हुआ। चांदिवली विधायक एवं शिवसेना नेता दिलीप भाऊसाहेब लांडे ने घटना को लेकर कहा कि ब्रेक फेल होने के कारण ड्राइवर ने बस पर से कंट्रोल खो दिया, जिसकी कारण यह हादसा हो गया। नेता ने बताया कि इसमें 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अनियंत्रित बस ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, एक BEST बस अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकरा गई। इस हादसे में मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 49 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत पास के भाभा अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
बचाव अभियान शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर यह हादसा कैसे हुआ। फिलहाल, हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस ने मृतकों की पहचान आफरीन अब्दुल सलीम शाह (19) अनम शेख (20), कनिज फातिमा गुलाम कादिर (55) शिवम कश्यप (18) विजय विष्णू गायकवाड (70) के रूप में हुई है।
