Maharashtra Murder News: महाराष्ट्र में पैसों के विवाद के बाद 35 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और शव को ड्रम में पैक कर उसे ठाणे जिले के एक जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना रविवार को हुई और 32 वर्षीय महिला के परिवार की शिकायत के बाद आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
कल्याण ग्रामीण पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि टिटवाला इलाके में रहने वाले दंपति की शादी 12 साल पहले हुई थी और आरोपी अक्सर अपनी पत्नी को परेशान करता था। उन्होंने बताया कि आरोपी अपने सास-ससुर से पैसे की मांग करता था। अधिकारी ने बताया कि महिला के परिवार ने पहले ही आरोपी को 80,000 रुपये दिए थे। उन्होंने बताया कि आरोपी को ऑटो-रिक्शा खरीदने के लिए दो लाख रुपये की जरूरत थी, जो महिला के माता-पिता नहीं दे सके।
उन्होंने बताया कि दंपत्ति के बीच पैसों व अन्य मुद्दों को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। अधिकारी ने बताया कि रविवार को व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के सिर पर लोहे की छड़ से हमला किया और फिर रस्सी से उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा, इसके बाद आरोपी ने महिला के शव को एक बड़े ड्रम में पैक किया और फिर एक ऑटो-रिक्शा में ले जाकर उसे अंबरनाथ के पास एक जंगल में फेंक दिया। अधिकारी ने बताया कि अपनी बेटी के फोन का जवाब न मिलने पर महिला की मां ने आरोपी पति को फोन किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपनी सास को बताया कि उसने उसकी बेटी की हत्या कर दी है और शव को जंगल में फेंक दिया है तथा वह पहले से ही एक पुलिस थाने में है। सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 201 (अपराध के सबूतों को गायब करना) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया और मामले की जांच की जा रही है।
