मुंबई

मालाबार हिल्स की खूबसूरती निहारने का नया तरीका, मुंबई में तैयार हो गया पहला नेचर ट्रेल, जल्द होगी Opening

मुंबई में पहला एलिवेटेड फॉरेस्ट वॉकवे जल्द आम जनता के लिए खुलने वाला है। इस एलिवेटेड फॉरेस्ट वॉकवे के जरिए मालाबार हिल्स का खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा। इसके अलावा मुंबई सिटी और गिरगांव चौपाटी का खूबसूरत दृश्य भी यहां से दिखेगा।

Image

मालाबार हिल्स की खूबसूरती निहारने का नया तरीका, मुंबई में तैयार हो गया पहला नेचर ट्रेल, जल्द होगी Opening

मायानगरी मुंबई को उसका पहला एलिवेटेड फॉरेस्ट वॉकवे (Elevated Forest Walkway) मिलने वाला है। यहां के मालाबार हिल इलाके में बन रहा यह एलिवेटेड फॉरेस्ट वॉकवे इसी महीने आम लोगों के लिए खुलने जा रहा है। पहले इस वॉकवे को जनवरी 2025 में आम जनता के लिए खुलना था, लेकिन कंस्ट्रक्शन के काम में देरी के चलते इसकी ओपनिंग को टालना पड़ा था। लेकिन अब आप इसी महीने इस एलिवेटेड फॉरेस्ट वॉकवे के जरिए मालाबार हिल्स की खूबसूरती निहार पाएंगे।

बीएमसी (Brihanmumbai Municipal Corporation) के अनुसार इस प्रोजेक्ट का काम लगभग पूरा हो चुका है। बीएमसी का कहना है कि अब सिर्फ कंट्रोल रूम में मिरर वर्क और इलेक्ट्रिक पैनल रूम में काम बचा है। ज्ञात हो की मुंबई का यह एलिवेटेड फॉरेस्ट वॉकवे, सिंगापुर के फॉरेस्ट ट्रेल से प्रेरित है।

मुंबई में बन रहे इस एलिवेटेड फॉरेस्ट वॉकवे की कुल लंबाई 482 मीटर और चौड़ाई 2.2 मीटर की है। इस वॉकवे को कुल 25 करोड़ रुपये खर्च करके बनाया जा रहा है। इस वॉकवे से यहां आने वाले विजिटर्स को मुंबई शहर और गिरगांव चौपाटी का शानदार नजारा देखने को मिलेगा। इसके अलावा मालाबार हिल्स की हरियाली भी उन्हें सुकून देगी। इस वॉकवे के लिए एंट्री और एग्जिट गेट सिरी रोड पर बने हैं और कमला नेहरू पार्क से वॉकवे को इमरजेंसी एग्जिट दिया गया है।

हालांकि, बीएमसी का कहना है कि वह वॉकवे के उद्घाटन के लिए कोई एक तारीख स्पष्ट रूप से नहीं बता सकते हैं। बीएमसी के अनुसार वह वरिष्ठ अधिकारियों से इसके अप्रूवल का इंतजार कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट पर खर्च हुई धनराशि की वापसी के लिए वॉकवे पर आने वाले पर्यटकों से टिकट वसूला जाएगा। वॉकवे के लिए कितना टिकट लगेगा अभी तक यह भी तय नहीं हुआ है। अधिकारियों के अनुसार इस वुडन वॉकवे पर एक समय में 400 पर्यटक आ सकते हैं।

इस वुडन एलिवेटेड फॉरेस्ट वॉकवे की परिकल्पना साल 2020 में की गई थी। हालांकि, प्रोजेक्ट कॉन्ट्रैक्ट 2021 में दिया गया था। एलिवेटेड फॉरेस्ट वॉकवे को बनाने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसमें पहाड़ी इलाका, स्थानीय जीव-जंतुओं और वनस्पति को सुरक्षित बचाने और यहां पर ब्रिटिश काल की पाइपलाइन की मौजूदगी की वजह से प्रोजेक्ट को बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article