मुंबई

Mumbai: वडाला में VHP-बजरंग दल और पुलिस के बीच झड़प; चलाई गईं लाठियां; कई घायल

मुंबई के वडाला में बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। झड़प में कई घायल हो गए। हिंदू संगठनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें शोभा यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी और जबरन रोकने की कोशिश की।

Image

(फाइल फोटो)

मुंबई : वडाला इलाके में रविवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस ने भी बल प्रयोग किया, जिससे कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना की शुरुआत तब हुई जब बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ता राम नवमी के उपलक्ष्य में शोभा यात्रा निकालने के लिए वडाला के बरकत अली चौक पर एकत्र हुए। हिंदू संगठनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें शोभा यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी और जबरन रोकने की कोशिश की।

धार्मिक स्वतंत्रता का हनन-VHP

इससे पहले, 13 अप्रैल को भी इन संगठनों ने शोभा यात्रा निकालने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने अंबेडकर जयंती का हवाला देकर उस दिन यात्रा पर रोक लगा दी थी। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं का कहना है कि राम नवमी के पावन अवसर पर शोभा यात्रा निकालना उनका धार्मिक अधिकार है, और पुलिस का यह रवैया उनकी धार्मिक स्वतंत्रता का हनन है। उन्होंने कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से शोभा यात्रा निकालना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने बिना किसी उचित कारण के हमें रोका और लाठीचार्ज किया। कई साथियों को चोटें आई हैं।

पुलिस का कहना है कि शोभा यात्रा के लिए उचित अनुमति नहीं ली गई थी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्हें हस्तक्षेप करना पड़ा। कुछ लोग उग्र हो गए थे, जिसके चलते हल्का बल प्रयोग करना आवश्यक हो गया। स्थिति अब नियंत्रण में है। घटना के बाद, तनाव को देखते हुए वडाला पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। स्थानीय निवासियों के अनुसार, बरकत अली चौक और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रित है। घटना की जांच के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच शुरू कर दी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!