मुंबई

Baba Siddiqui Murder Case: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां, पुणे से अरेस्ट हुए 3 और आरोपी

Baba Siddiqui Murder Case: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में लगातार गिरफ्तारियां जारी हैं। पुणे से 3 और आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। कुल मिलाकर मामले में अब तक कुल 14 लोग पुलिस की कैद में आ चुके हैं। ये सभी साजिश के सरगना और शूटर के बीच अहम कड़ी हो सकते हैं।

Image

Baba Siddiqui Murder Case: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां, पुणे से अरेस्ट हुए 3 और आरोपी

Baba Siddiqui Murder Case: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के सिलसिले में पुलिस ने बुधवार को कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। सुबह एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन रात 9 बजे के बाद पुणे से 3 और आरोपियों को पकड़ा गया है। साजिश के सरगना और शूटर के बीच अहम कड़ी होने का संदेह है। इस लिहाज से मामले में अबतक 14 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस इनसे घटना से संबंधित सभी क्लू जानने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक मुख्य सरगना तक पहुंचना शेष है। बुधवार शाम रूपेश मोहोल (22), करण साल्वे (19) और शिवम् कोहड़ (20) को गिरफ्तार किया गया है।

अमित हिसामसिंह कुमार हुआ था गिरफ्तार

सुबह जिस आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। उसकी पहचान हरियाणा के अमित हिसामसिंह कुमार (29) के रूप में हुई है और दूसरे आरोपियों से पूछताछ के दौरान अपराध में उसकी भूमिका सामने आने के बाद उसे हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को संदेह है कि कुमार हत्या की साजिश रचने और अंजाम देने में शामिल था। अधिकारी ने कहा कि उसके और अन्य आरोपियों के बीच हुए पैसों के लेनदेन की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार कुमार गिरफ्तार किए गए एक शूटर गुरमेल सिंह और कथित मास्टरमाइंड मोहम्मद जीशान अख्तर के बीच महत्वपूर्ण लिंक था। अख्तर फिलहाल फरार है।

अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार अख्तर का शूटरों और हत्या के साजिशकर्ताओं दोनों से संबंध था। अपराध शाखा की एक टीम मंगलवार शाम हरियाणा से कुमार को पकड़कर बुधवार सुबह मुंबई ले आई। उसे चार नवंबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा गया है। सिद्दीकी (66) की 12 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके बेटे व विधायक जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

हत्या का मकसद पता नहीं

जांचकर्ताओं को अभी हत्या का मकसद पता नहीं चल पाया है। वे अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं, जिसमें सुपारी लेकर हत्या, कारोबारी प्रतिद्वंद्विता या मुंबई में झुग्गी पुनर्वास परियोजना को लेकर उन्हें मिली धमकियों से जुड़े पहलू शामिल हैं। पुलिस ने अब तक दो संदिग्ध शूटरों- धर्मराज कश्यप और गुरमेल सिंह समेत दस लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य शूटर शिवकुमार गौतम और दो साजिशकर्ता फरार हैं। सनसनीखेज हत्या मामले में अब तक की जांच से पता चला है कि ठाणे में सुपारी लेकर हत्या करने वाले पांच लोगों के समूह को शुरू में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सिद्दीकी की हत्या का ठेका दिया गया था।

50 लाख रुपये मांगे गए थे

पुलिस के अनुसार, हालांकि, समूह ने अपराध को अंजाम देने के लिए 50 लाख रुपये मांगे थे, लेकिन धनराशि पर सहमति नहीं बन पाने के कारण वह पीछे हट गया था। हालांकि इस समूह ने सिद्दीकी पर हमले को अंजाम देने में सहायता की थी। पुलिस ने वांछित आरोपियों गौतम, शुभम लोनकर और अख्तर की तलाश तेज कर दी है। आरोपियों को देश से भागने से रोकने के लिए उनके खिलाफ ‘लुकआउट सर्कुलर’ जारी किया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article