Ahmedabad-Mumbai Bullet Train: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है। परियोजना का कार्य कब पूरा होगा, इसको लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुंबई के बीकेसी में बुलेट ट्रेन के पहले स्टेशन के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में निर्माणाधीन भूमिगत स्टेशन का दौरा किया और इसकी प्रगति की समीक्षा की। बाद में उन्होंने नवी मुंबई में पनवेल और जुईनगर रेलवे स्टेशनों पर जारी बुनियादी ढांचे के कार्यों का निरीक्षण किया और रेलवे एवं माल ढुलाई संबंधी प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स बुलेट ट्रेन स्टेशन (सांकेतिक फोटो)
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की लंबाई
बीकेसी दौरे के दौरान रेल मंत्री के साथ नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) के अधिकारियों के साथ ही मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे के प्रतिनिधि भी थे। एनएचएसआरसीएल 500 किलोमीटर लंबी मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का क्रियान्वयन कर रहा है। सबसे निचले ‘बी3 बेसमेंट लेवल’ का काम पूरा हो चुका है। बीकेसी में बुलेट ट्रेन के पहले स्टेशन के निर्माण का काम बहुत तेजी से चल रहा है। स्टेशन की दीवार का काम शुरू हो चुका है और साथ ही सुरंग का काम भी बहुत तेजी से जारी है। सुरंग वाले हिस्से (शील फाटा) से आगे, भूमि अधिग्रहण के बाद महाराष्ट्र खंड में सभी निर्माण कार्य तेज गति से जारी हैं।
मंत्री ने कहा कि बीकेसी स्टेशन पर एक बहुमंजिला संरचना की योजना बनाई गई है। एनएचएसआरसीएल के अधिकारियों ने बताया कि बीकेसी बुलेट ट्रेन स्टेशन पर खुदाई का लगभग 76 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। निरीक्षण के बाद मंत्री पुणे के लिए रवाना हो गए, जहां शाम को वह लंबी दूरी की दो ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पिछले सप्ताह कहा था कि महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन परियोजना 2028 तक शुरू हो जाएगी।
पनवेल रेलवे स्टेशन का दौरा करने के बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए, वैष्णव ने आने वाले दशकों की मांगों को पूरा करने के लिए मुंबई की रेल क्षमता का विस्तार और इसके स्टेशनों का आधुनिकीकरण करने के लिए सरकार के दीर्घकालिक दृष्टिकोण को रेखांकित किया।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के स्टेशनों के नाम
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के संचालन के लिए 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 8 स्टेशन वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वड़ोदरा, आणंद, अहमदाबाद और सूरत गुजरात में स्थित होंगा। शेष 4 स्टेशम महाराष्ट्र में हैं, जिन्हें ठाणे, विरार, बोईसर और मुंबई के नाम से जाना जाएगा। लेटेस्ट जानकारी के मुताबिक, गुजरात के 8 में से 6 स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष दो पर कार्य जारी है। इसके अतिरिक्त महाराष्ट्र में 3 एलिवेटेड स्टेशनों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। मुंबई स्टेशन पर स्लैब डाला जा रहा है।
