Mumbai Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर के बाद अब मुंबई की हवा में भी जहर घुलने लगा है। मुंबई की हवा भी अब प्रदूषित हो चली है। जिसके चलते महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने चिंता जताई है। मुंबई में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रशासन की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। जिसके तहत लोगों को घर से बाहर निकलने से पहले प्रदूषण लेवल चेक करने की सलाह दी जा रही है। लोगों को प्रदूषित हवा में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है। सड़कों की भी पानी से सफाई की जा रही है। इसके अलावा बीएमसी की ओर से भी प्रदूषण को कम करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे है। जो लोग आदेश का उल्लंघन कर रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। मुंबई में 3 नवंबर से अब तक 4 लाख 71 हजार का जुर्माना वसूला जा चुका है।
मुंबई में बढ़ा प्रदूषण (फोटो साभार - ट्विटर)
प्रदूषण से बचने के लिए दी गई सलाह
मुंबई में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए प्रशासन ने आदेश दिए है कि कंस्ट्रक्शन साईट से निकलने वाले मलबे को पूरी तरह ढक दिया जाए, ताकि धूल कण हवा में ना फैले। प्रशासन ने लोगों को भी प्रदूषित हवा में दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी। साथ ही हवा में प्रदूषण के स्तर को चेक करते रहने को भी कहा है। प्रदूषण से बचने के लिए लोगों को एन-95 मास्क लगाकर बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा अगर किसी को सांस लेने में तकलीफ है, छाती में दर्द या सर्दी जुखाम हो गया है तो वे तुरंत ही डॉक्टर के पास जाकर अपना इलाज कराएं।
सड़को को धोया जा रहा है।
