मुंबई

Mumbai: किराए में 10 रुपये की छूट मांगने पर हुआ विवाद, सवारी ने किया रिक्शा चालक पर चाकू से वार, आरोपी गिरफ्तार

Mumbai: मुंबई में 10 रुपये के किराए को लेकर रिक्शा चालक और सवारी में विवाद हो गया है। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने रिक्शा चालक पर चाकू से वार किया। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और एक की तलाश जारी है।

Image

किराए में 10 रुपये की छूट मांगने पर हुआ विवाद

Photo : iStock

Mumbai: मुंबई के पवई इलाके में 10 रुपये के किराए को लेकर मामूली बात पर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते हिंसक हो गया। इस विवाद में एक व्यक्ति ने रिक्शा चालक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल हालत में रिक्शा चालक ने पुलिस में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है। पुलिस मामले की जांच करते हुए दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। पवई पुलिस के मुताबिक, यह घटना छोटी सी बात से शुरू हुई। उन्होंने बताया कि रिक्शा चालक को मामूली चोट आई है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने अवधेश के खिलाफ चाकू से हमले का केस दर्ज किया है और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

10 रुपये के विवाद पर चाकू से वार

पुलिस ने बताया कि यह घटना तब हुई जब रिक्शा चालक शाहनवाज शेख अपने शेयरिंग रिक्शे में यात्रियों को ले जा रहा था। शेख प्रति यात्री 30 रुपये किराया लेता है। आरोपी अवधेश सरोज अपने भाई पवन सरोज और तीन बच्चों के साथ रिक्शे में सवार हुआ। यात्रा के बाद शेख ने पांच लोगों का किराया जोड़कर 90 रुपये मांगे। लेकिन, अवधेश ने कुल किराए पर सवाल उठाया और 10 रुपये की छूट मांगते हुए सिर्फ 80 रुपये देने की बात कही। शेख ने कम पैसे लेने से इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।

गुस्से में आकर अवधेश ने शेख पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। हमले के बाद अवधेश का भाई पवन मौके से भाग निकला। घायल शेख ने पास के पवई पुलिस स्टेशन पहुंचकर दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटना के दो दिन बाद अवधेश सरोज को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, दूसरा आरोपी पवन सरोज अभी भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article