17 June 2025 Mumbai mein Aaj ka Mausam (मुंबई में आज का मौसम): मौसम विभाग ने आज मुंबई में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह से हल्की बारिश हो रही है, जबकि दोपहर 4 बजे 4.2 मीटर का हाईटाइड आने की संभावना है, जिससे समंदर में 14 फीट ऊंची लहरें उठेंगी। इसी बीच ठाणे और नवी मुंबई में भी हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं, रायगढ़ और कोंकण जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इन इलाकों में लोगों को बेवजह घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
मुंबई में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिससे शहर में 24 घंटे में 100 एमएम से अधिक वर्षा दर्ज की गई। इस तेज हवाओं वाली बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश की तीव्रता जल्द ही घट सकती है, लेकिन पूरे सप्ताह बारिश जारी रहने की संभावना बनी हुई है। सोमवार को मुंबई में करीब 30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बुधवार तक बारिश की तीव्रता कम हो सकती है, लेकिन पूरे सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
मायानगरी में सुस्त पड़ा मॉनसून फिर से सक्रिय हो गया, जिससे सोमवार को भी अच्छी वर्षा देखने को मिली। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह 8:30 बजे से सोमवार सुबह 8:30 बजे तक शहर में 100.4 एमएम और उपनगर में 86 एमएम बारिश हुई। इसके बाद, सोमवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक शहर में 42.4 एमएम और उपनगर में 69.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। कुल मिलाकर, 33 घंटे में शहर में 142.8 एमएम और उपनगर में 112 एमएम बारिश हो चुकी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आमतौर पर जून में हवा की गति 15 से 20 किमी प्रति घंटा होती है, लेकिन सोमवार को यह रफ्तार 30 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई, जिससे मुंबई में बारिश और अधिक प्रभावी रही।
