16 June 2025 Mumbai mein Aaj ka Mausam (मुंबई में आज का मौसम): मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार रात को भारी बारिश के कारण भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जो इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को दर्शाता है। शनिवार रात गरज-चमक के साथ हुई बारिश के बाद रविवार सुबह हल्की बूंदाबांदी देखी गई, लेकिन अधिकांश इलाकों में जलभराव नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक, मौसम विभाग (IMD) ने आज मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि पुणे और आसपास के इलाकों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। देर रात से रुक-रुककर बारिश जारी है, हालांकि फिलहाल कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं बनी है। इसके साथ ही, आज दोपहर 3:30 बजे समुद्र में 4.31 मीटर ऊंचा हाई टाइड आएगा, जिससे इस दौरान 14 फीट ऊंची लहरें उठेंगी।
जल्दी आया मॉनसून
मुंबई में बारिश ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार की रात से रुक-रुककर हो रही बरसात से न सिर्फ मौसम सुहाना हुआ है, बल्कि तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मुंबई उपनगर का तापमान 30.9 डिग्री और शहर का 28 डिग्री पर आ गया है। अनुमान है कि इस सप्ताह शहर में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। इस साल मॉनसून ने 26 मई को दस्तक देकर मौसम के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया, क्योंकि बीते 69 वर्षों में यह पहली बार था जब मॉनसून इतनी जल्दी पहुंचा। हालांकि, शुरुआती दो दिनों की बारिश के बाद इसकी गति धीमी पड़ गई थी, लेकिन अब फिर से बादल सक्रिय हो गए हैं।
17 जून तक भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, सोमाली जेट स्ट्रीम सक्रिय हो गया है, जिससे भारतीय उपमहाद्वीप में मॉनसून को बढ़ावा मिल रहा है। यह तेज गति वाली हवाओं की धारा सोमालिया से अरब सागर होते हुए भारत की ओर बहती है और दक्षिण-पश्चिम मॉनसून में अहम भूमिका निभाती है। इसके प्रभाव से 17 जून तक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 15 दिन के अंतराल के बाद मॉनसून फिर से सक्रिय हुआ है। फिलहाल मुंबई में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है, और इस सप्ताह ये दौर जारी रहने की संभावना है।
