मुंबई के बोरीवली स्टेशन पर कुछ दिन पहले ऐसी घटना हुई कि पुलिस के ऊपर ही कार्रवाई करनी पड़ी। रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। सब पर एक यात्री से वसूली का आरोप लगा था।
घटना बीते मंगलवार, 1 अप्रैल की है, जब एक यात्री बोरीवली स्टेशन परिसर में अपने साथ 20 लाख रुपये से भरा बैग लेकर जा रहा था। GRP के कुछ पुलिसकर्मी उसे पकड़कर ऐसी जगह ले गए जो CCTV के लिए ब्लाइंड स्पॉट था, यानी उस जगह पर कैमरे की नजर नहीं थी। नियम के अनुसार, किसी की भी छानबीन को रेलवे परिसर में लगे CCTV कैमरे की निगरानी में करना होता है।
पीड़ित को वहां 2 घंटे बैठाए रखा गया और इस दौरान पुलिसकर्मी पैसों को बांटने की कोशिश कर रहे थे। पीड़ित ने बाद में इसकी शिकायत अधिकारियों की, जिसके बाद उनपर एक्शन लिया गया।
3 अप्रैल की रात 6 पुलिसकर्मियों को कमीश्नर के आदेश पर निलंबित कर दिया है। जांच टीम मामले की आगे विस्तृत पड़ताल कर रही है।
