मुंबई

Latur News: लातूर में हॉस्टल का खाना खाने से 50 छात्राओं की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र के लातूर में गर्ल्स हॉस्टल में विषाक्त खाना खाने से 50 छात्राएं बीमार पड़ गई। बीमार छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है और लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : iStock

महाराष्ट्र के लातूर शहर में एक सरकारी कॉलेज के छात्रावास में रात का भोजन करने के बाद संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारण करीब 50 छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। ‘पुरणमल लाहोटी शासकीय पॉलिटेक्निक’ के इस छात्रावास में 324 छात्राएं रहती हैं। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम करीब सात बजे छात्राओं ने चावल, चपाती, ‘ओकरा’ सब्जी खायी और दाल का सूप पीया। रात साढ़े आठ बजे तक उनमें से कई को बेचैनी महसूस हुई तथा कुछ छात्राओं को उल्टी होने लगी।

खाना खाने के बाद छात्राएं बीमार

यह सूचना मिलने पर कॉलेज के प्रधानाचार्य मौके पर पहुंचे और लातूर में विलासराव देशमुख राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डीन डॉ. उदय मोहिते को सूचित किया। पीड़ित छात्राओं को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। डॉ. मोहिते ने बताया कि मध्यरात्रि तक करीब 50 छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से 20 को देर रात तीन बजे तक अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। 30 अन्य छात्राओं का अस्पताल में उपचार हो रहा है। इनमें से किसी की हालत गंभीर नहीं है।

बीमार पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती

कॉलेज प्रधानाचार्य वी डी नितनावरे ने कहा कि छात्रावास की कुछ छात्राओं की तबीयत खराब होने की खबर मिलने के बाद हम तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी पीड़ित छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह सुनिश्चत करने के लिए व्यापक स्वास्थ्य जांच की गयी कि किसी छात्रा को कोई खतरा न हो। चिंता की कोई बात नहीं है।

कार्रवाई की मांग

उन्होंने बताया कि शिवाजीनगर पुलिस को घटना की सूचना दे दी गयी है। उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और प्राधिकारियों ने भोजन के नमूने एकत्रित किए। नमूनों की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य विषाक्तता की वजह का पता लगाया जाएगा। घटना की सूचना मिलने के बाद लातूर से लोकसभा सदस्य शिवाजी कलगे छात्राओं का हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंचे। कांग्रेस सांसद ने लातूर की जिलाधीश वर्षा ठाकुर घूगे से भी संपर्क किया और उनसे घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

इनपुटः भाषा

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article