Rohit Shetty Firing Case: फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले के पांचों आरोपियों को 11 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने अदालत को बताया कि आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर के निर्देश पर काम कर रहे थे। लोनकर इस मामले में वांछित आरोपी है। पुलिस ने अब तक इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी 19 वर्षीय आदित्य गायकी, 20 वर्षीय सिद्धार्थ येनपुरे, 18 वर्षीय समर्थ पोमाजी और 23 वर्षीय स्वप्निल सकट को रविवार को गिरफ्तार किया गया था, जबकि आसाराम फासले नामक आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक के पास से एक पिस्तौल, तीन मैगज़ीन और एक एयर गन बरामद की गई है। सभी को यहां मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया।
मामले की चल रही जांच
पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच के लिए आरोपियों की अधिकतम हिरासत की मांग की। अदालत ने गंभीर अपराध को देखते हुए और जांच के लिए पुलिस को पर्याप्त समय दिए जाने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए आरोपियों को 11 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। मुंबई के जुहू इलाके में शेट्टी की नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर शनिवार देर रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर कम से कम पांच गोलियां चलाई गईं। एक गोली इमारत में स्थित एक जिम के शीशे पर जा लगी।
अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी की घटना की जांच के दौरान यह बात सामने आई कि सभी आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर के संपर्क में थे, जिसे इस मामले में वांछित आरोपी बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लोनकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और अभिनेता सलमान खान के घर पर गोलीबारी की घटना में भी वांछित है।
