BMC Polls: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव में भाजपा नेता के. अन्नामलाई के लिए किया गया तंज उलटा पड़ गया। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने तमिलनाडु के भाजपा नेता अन्नामलाई के संदर्भ में 'रसमलाई' शब्द का प्रयोग किया था।बीएमसी चुनाव में अन्नामलाई ने जिन उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया था, उन्होंने शुक्रवार को अपने-अपने वार्ड में शानदार जीत दर्ज की।
मनसे प्रमुख राज ठाकरे (फाइल फोटो)
BJP उम्मीदवारों के लिए अन्नामलाई ने किया था प्रचार
बीएमसी द्वारा जारी परिणामों के अनुसार, भाजपा के तेजिंदर सिंह तिवाना और योगेश वर्मा ने मलाड पश्चिम के क्रमशः वार्ड 47 और 35 से जीत हासिल की, जबकि दक्षता कवठणकर अपने वार्ड 19 से विजयी रहीं। अन्नामलाई ने इन उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया, संबंधित वार्ड में जनसभाएं कीं और स्थानीय मतदाताओं से संवाद किया। चुनाव प्रचार के दौरान, उन्होंने मुंबई को 'अंतरराष्ट्रीय शहर' बताते हुए कहा कि यह 'महाराष्ट्र का शहर नहीं है', जिससे राजनीतिक प्रतिद्वंदियों के बीच विवाद खड़ा हो गया।
राज ठाकरे को भारी पड़ा मजाक
इस बयान के जवाब में, मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने अन्नामलाई का मजाक उड़ाते हुए उन्हें 'रसमलाई' कहा और शिवसेना के शुरुआती राजनीतिक अभियानों से जुड़े विवादित नारे का उल्लेख किया। सोशल मीडिया में निशाना बनाए जाने और राजनीतिक कटाक्षों के बावजूद, इन उम्मीदवारों ने अपने वार्ड में शानदार जीत दर्ज की।
विपक्षी फूट ने भाजपा की राह की आसान
बीएमसी के लिए हुए चुनाव में बहुकोणीय लड़ाई, विपक्षी महा विकास आघाडी (MVA) खेमे में टकराव और विरोधियों के बीच एक ठोस रणनीति का अभाव भाजपा को सत्ता की कुर्सी पर काबिज होने में मददगार साबित हुआ और संभवत: पहली बार देश के सबसे अमीर नगर निकाय में उसका महापौर होगा।
टेलीविजन समाचार चैनलों द्वारा शुक्रवार शाम को प्रसारित रुझानों के अनुसार, बीएमसी की कुल 227 सीट में से 210 के रुझान सामने आए हैं जिनमें से भाजपा 90 सीटों पर आगे चल रही थी। उसकी सहयोगी शिवसेना 28 सीट पर, विपक्षी शिवसेना (यूबीटी) 57 सीट पर, मनसे नौ सीट पर, कांग्रेस 15 सीट पर, राज्य सरकार में सहयोगी, लेकिन अलग लड़ रही एनसीपी तीन पर और अन्य आठ सीट पर बढ़त बनाए नजर आ रहे थे।
