Mumbai Ganesh Chaturthi 2026: मुंबई में गणेश चतुर्थी को सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और भव्य तरीके से मनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुख्यालय में मेयर रितु तावड़े ने गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में अलग-अलग गणेश मंडलों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान गड्ढों की मरम्मत, पानी की आपूर्ति, विसर्जन स्थलों की व्यवस्था और स्वास्थ्य से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं की गईं।
पंडालों में मुफ्त जांच और चश्मे
मुख्यमंत्री के विजन के तहत इस साल 'श्री गणेशा आरोग्याचा' अभियान शुरू करने की घोषणा की गई है। इसके तहत गणेश पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच (हेल्थ चेकअप) और जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मे बांटे जाएंगे। पंडालों में महिला श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग कैंप की व्यवस्था की जाएगी। मेयर ने सभी गणेश मंडलों से इन स्वास्थ्य शिविरों के लिए पंडालों में जगह उपलब्ध कराने की अपील की है।
महिलाओं के लिए 24 घंटे खुले रहेंगे वॉशरूम
गणेश उत्सव के दौरान महिला भक्तों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए गए हैं कि उत्सव के सभी दिनों में महिलाओं के लिए फीडिंग रूम और सार्वजनिक शौचालय 24 घंटे खुले रहेंगे। इसके अलावा गणपति विसर्जन और शोभायात्रा वाले रास्तों पर गड्ढे भरने, लटकती केबलों को हटाने और पेड़ों की छंटाई का काम तेजी से किया जा रहा है। नगर निगम इन तैयारियों पर पिछले करीब एक महीने से काम कर रहा है।
इको-फ्रेंडली गणेशोत्सव और विसर्जन की व्यवस्था
पर्यावरण को नुकसान से बचाने के लिए मूर्तिकारों को 858 टन शाडू मिट्टी और 25,400 लीटर इको-फ्रेंडली रंग मुफ्त में बांटे गए हैं। हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए 6 फीट तक की मूर्तियों का विसर्जन केवल कृत्रिम तालाबों (Artificial Ponds) में ही करना होगा। मुंबई भर में कुल 378 विसर्जन स्थल तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें 281 कृत्रिम तालाब, 44 समुद्र तट (चौपाटी) और 23 प्राकृतिक जलस्रोत शामिल हैं। श्रद्धालु घर बैठे QR कोड स्कैन करके या Google Maps के जरिए अपने नजदीकी विसर्जन स्थल की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
14 सितंबर से शुरू होगा 10 दिवसीय गणेशोत्सव
मेयर ने बताया कि बीएमसी पिछले एक महीने से सड़कों के गड्ढे भरने, पेयजल आपूर्ति और चौपाटियों की साफ-सफाई पर काम कर रही है। मंडलों से मिले सुझावों के आधार पर बची हुई कमियों को भी जल्द दूर किया जाएगा। गौरतलब है कि 10 दिनों तक चलने वाला गणेशोत्सव इस साल 14 सितंबर से मूर्ति स्थापना के साथ शुरू होगा। यह उत्सव अनंत चतुर्दशी पर भव्य विसर्जन शोभायात्रा के साथ संपन्न होगा।
