Mumbai News: मुंबई में वर्ली स्थित एंटी-नारकोटिक्स सेल ने एक बड़ी कार्रवाई के तहत 2.81 करोड़ रुपये मूल्य की चरस जब्त की है। जानकारी के मुताबिक, इस ऑपरेशन में चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें दो नेपाली नागरिक और दो स्थानीय मुंबईवासी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि, शुरुआत में दो आरोपियों को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से 1.715 किलोग्राम चरस और 52 हजार रुपये नकद मिले। इसके बाद की जांच और छापेमारी में 26 फरवरी 2026 को लोअर लिंक इलाके से 31 वर्षीय एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
2.81 करोड़ रुपये की चरस जब्त
इस कार्रवाई के दौरान पकड़े गए ड्रग तस्कर के कब्जे से 1.103 किलोग्राम चरस और 55 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके बाद 27 फरवरी 2026 को एक 28 वर्षीय महिला को भी गिरफ्तार किया गया, जो कथित तौर पर मुख्य आरोपी के आर्थिक लेन-देन में मदद कर रही थी। गिरफ्तार आरोपियों में मुंबई के विले पार्ले वेस्ट निवासी आबिद और उनकी पत्नी शामिल हैं, साथ ही नेपाल के दो नागरिक दीपक लांबा और उनके एक साथी को भी हिरासत में लिया गया। इस ऑपरेशन में कुल 2.818 किलोग्राम चरस जब्त हुई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2.81 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जांच में क्या आया सामने?
एंटी-नारकोटिक्स सेल के अधिकारी बताते हैं कि यह एक बड़ी चरस की खेप थी, जिसे मुंबई में बिक्री के लिए लाया गया था। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी किसी बड़े ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, पुलिस अब इस नेटवर्क की पूरी सप्लाई चेन, अन्य शामिल लोगों और ड्रग्स के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। सभी आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है। ऐसे में, अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से मुंबई में नशे के कारोबार पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
(इनपुट - आईएएनएस)
