UP News: बिहार की राजनीति के दिग्गज और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद पर जमकर हमला बोला। सहनी ने न केवल निषाद आरक्षण के मुद्दे पर सरकार को घेरा, बल्कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपनी भावी रणनीति का भी खुलासा किया।
आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
मुकेश सहनी ने कहा कि वे पिछले 11 वर्षों से उत्तर प्रदेश में निषाद समाज को आरक्षण दिलाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी संघर्ष के कारण बिहार में भाजपा ने उनके विधायकों की खरीद-फरोख्त की और उन्हें सत्ता से बाहर करने की साजिश रची। सहनी ने स्पष्ट किया कि भाजपा के लिए जनता की भलाई कोई प्राथमिकता नहीं है, बल्कि उसका एकमात्र लक्ष्य सत्ता हासिल करना है।
संजय निषाद को दिया न्योता
संजय निषाद पर सीधा हमला बोलते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि संजय निषाद के लिए उनका 'परिवार' प्राथमिक है, जबकि उनके लिए 'समाज' सबसे ऊपर है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अब संजय निषाद की "राजनीतिक हत्या" करने की तैयारी में है। 2027 के चुनाव तक संजय निषाद राजनीति के मुख्य ट्रैक से बाहर हो जाएंगे। सहनी ने संजय निषाद को बड़े भाई की तरह नसीहत दी कि वे समाज के हक के लिए लड़ें, वरना भाजपा का साथ छोड़ दें। सहनी ने संजय निषाद को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे अगले छह महीनों के भीतर भाजपा सरकार से निषाद समाज के लिए आरक्षण लेकर आएं। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि अगर भाजपा आरक्षण नहीं देती, तो संजय निषाद एनडीए छोड़कर इंडिया (I.N.D.I.A.) गठबंधन में आ जाएं। वहां वे ही हमारा नेतृत्व करेंगे और हम मिलकर लड़ेंगे।
25 जुलाई से शुरू होगी 101 दिनों की यात्रा
मुकेश सहनी ने ऐलान किया कि वीआईपी पार्टी आगामी 25 जुलाई से 101 दिनों की एक विशाल जन-जागरूकता यात्रा शुरू करेगी। इस यात्रा का उद्देश्य निषाद समाज को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है।
टिकट वितरण पर बड़ा दावा
आगामी चुनावों के लिए मुकेश सहनी ने एक बड़ा दांव खेलते हुए घोषणा की कि यूपी में गठबंधन के तहत वीआईपी को जितनी भी सीटें मिलेंगी, उनमें से 90 प्रतिशत टिकट निषाद समाज के उम्मीदवारों को दिए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
