शहर

MP: बैतूल में भयावह वारदात, माता-पिता और भाई की युवक ने की हत्या, लोह की छड़-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला

अधिकारी ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) वीरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि मृतकों की पहचान आरोपी के पिता राजू उर्फ हंसू धुर्वे (55), मां कमलती धुर्वे (40) और भाई दिलीप धुर्वे (20) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि आरोपी दीपक धुर्वे (25) ने अपने पांच वर्षीय भांजे प्रशांत परते पर भी हमला किया।

Image

बैतूल में जघन्य वारदात। -प्रतीकात्मक तस्वीर

Betul Murder: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में 25 वर्षीय एक युवक ने बृहस्पतिवार को अपने माता-पिता और छोटे भाई की कथित तौर पर लोहे की छड़ और लकड़ी के डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमले में पांच वर्षीय बच्चा भी घायल हुआ है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सांवगा में हुई इस घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों ने दावा किया है कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त है।

युवक को हिरासत में ले लिया गया

अधिकारी ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) वीरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि मृतकों की पहचान आरोपी के पिता राजू उर्फ हंसू धुर्वे (55), मां कमलती धुर्वे (40) और भाई दिलीप धुर्वे (20) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि आरोपी दीपक धुर्वे (25) ने अपने पांच वर्षीय भांजे प्रशांत परते पर भी हमला किया और उसकी हालत गंभीर है। जैन ने पड़ोसियों के हवाले से बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें किसी अनहोनी का शक हुआ।

आरोपी तीनों शवों के पास चुपचाप बैठा था

उन्होंने बताया कि पड़ोसियों के खटखटाए जाने के बाद भी जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला तब वे उसे तोड़कर अंदर घुसे और पाया कि आरोपी दीपक धुर्वे घटनास्थल पर ही मौजूद था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी तीनों शवों के पास चुपचाप बैठा था और मौके पर एक बिल्ली का शव भी मिला है। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी ने बिल्ली को भी मार दिया। पुलिस पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी पिछले कुछ साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और हाल ही में नागपुर से इलाज कराकर लौटा था।

हत्या की जगह लोहे की छड़ और डंडे मिले

कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया ने 'पीटीआई वीडियो’ सेवा को बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और हत्या की जगह से लोहे की छड़ और डंडे मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। आरोपी युवक की मानसिक स्थिति के बारे में पूछे जाने पर डहेरिया ने बताया कि उसके स्वास्थ्य जांच के रिकॉर्ड देखे जाएंगे तभी इस बारे में कुछ भी स्पष्ट हो सकेगा।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article